मुंबई: भारत के सीमित ओवरों के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को आईपीएल ड्राफ्ट में आज संजीव गोयनका की पुणे फ्रेंचाइजी ने सबसे पहले 12 करोड़ 50 लाख रूपये में लिया। धोनी के साथी खिलाड़ी सुरेश रैना राजकोट फ्रेंचाइजी की पहली पसंद बने। इंटेक्स मोबाइल की इस टीम ने रैना को लिया जिन्हें पहला खिलाड़ी चुने जाने पर 12 करोड़ 50 लाख रूपये ही मिलेंगे। रैना ने ट्वीट किया , राजकोट के लिये आईपीएल में खेलने को लेकर रोमांचित हूं। नये साथी खिलाडि़यों और गुजरात के लोगों के सहयोग का इंतजार है। फार्म में चल रहे अजिंक्य रहाणे पुणे की दूसरी पसंद थे जबकि राजकोट की दूसरी पसंद रविंद्र जडेजा रहे । दोनों को प्रतिवर्ष नौ करोड़ 50 लाख रूपये मिलेंगे।
आईपीएल 2013 में स्पाट फिक्सिंग और सट्टेबाजी के चलते चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रायल्स को दो साल के लिये निलंबित किये जाने की वजह से ड्राफ्ट प्रक्रिया करानी पड़ी। निलंबन का आदेश सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त जस्टिस :रिटायर्ड : आर एम लोढा समिति ने दिया था। आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन पुणे टीम की तीसरी पसंद बने जिन्हें साढे सात करोड़ रूपये मिलेंगे । न्यूजीलैंड के ब्रंेडन मैकुलम राजकोट की तीसरी पसंद रहे । चौथे स्थान पर दोनों टीमों ने आस्ट्रेलियाई खिलाडि़यों को चुना। आस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ को पुणे और जेम्स फाकनेर को राजकोट ने लिया। पुणे ने दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस को पांचवें और आखिरी खिलाड़ी के तौर पर चुना जबकि वेस्टइंडीज के ड्वेन ब्रावो राजकोट की पसंद रहे । दोनों को चार चार करोड़ रूपये मिलेंगे।
ड्राफ्ट पूल में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रायल्स के ही खिलाड़ी थे चूंकि दोनों टीमें दो साल तक आईपीएल नहीं खेल सकेंगी। जिन खिलाडि़यों को नहीं चुना गया, वे छह फरवरी को होने वाली आईपीएल की नीलामी में शामिल होंगे। अगला सत्र नौ अप्रैल से 29 मई तक खेला जायेगा।
टीम पुणे द्वारा चुने हुए खिलाड़ी: महेंद्र सिंह धोनी, अजिंक्य रहाणे, आर अश्विन, स्टीव स्मिथ , फाफ डु प्लेसिस
टीम राजकोट द्वारा चुने गए खिलाड़ी: सुरेश रैना, रविंद्र जडेजा, ब्रेंडन मैकुलम, जेम्स फाकनेर, ड्वेन ब्रावो ।