1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आईपीएल: कोहली की शतकीय पारी से बैंगलोर जीता, पुणे को मिली एक और हार

आईपीएल: कोहली की शतकीय पारी से बैंगलोर जीता, पुणे को मिली एक और हार

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : May 07, 2016 09:19 pm IST,  Updated : May 07, 2016 09:19 pm IST

बेंगलोर: बल्ले से लगातार रनों की बारिश करने वाले विराट कोहली (नाबाद 102) की तूफानी पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण में शनिवार को राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स

Virat Kohli- India TV Hindi
Virat Kohli

बेंगलोर: बल्ले से लगातार रनों की बारिश करने वाले विराट कोहली (नाबाद 102) की तूफानी पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण में शनिवार को राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स को सात विकेट से हरा दिया। एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए लीग के 35वें मैच में बेंगलोर ने पुणे द्वारा दिए गए 192 रनों के विशाल लक्ष्य को बौना साबित करते हुए उसे 19.3 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।

विराट ने फिर खेली कप्तानी पारी, बने मैन ऑफ द मैच

कोहली ने कप्तानी पारी खेलते हुए इस सत्र के अपने दूसरे शतक में 56 गेंदों का सामना किया और सात चौके और इतने ही छक्के लगाने के साथ ही पहले विकेट के लिए के.एल.राहुल (38) के साथ मिलकर 94 रनों की साझेदारी की। राहुल ने अपनी अहम पारी में 35 गेदें खेलते हुए दो छक्के और एक चौका लगाया। कोहली को उनकी शतकीय पारी के लिए मैन ऑफ दे मैच चुना गया। पुणे ने रहाणे की 48 गेंदों में आठ चौके और दो छक्के की मदद से खेली गई 74 रनों की पारी और सौरव तीवारी की 39 गेंदों में नौ चौकों की मदद से खेली गई 52 रनों की पारी की बदौलत 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 191 रन बनाए थे।

वाटसन ने 24 रन देकर झटके तीन विकेट

बेंगलोर के सबसे सफल गेंदबाज शेन वाटसन रहे। उन्होंने अपने चार ओवरों में 24 रन देकर तीन विकेट लिए। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलोर को ठोस शुरुआत की जरूरत थी और कोहली-राहुल ने टीम को ठीक वैसी ही शुरुआत दी। दोनों ने हालांकि विकेट पर जमने के लिए थोड़ा समय लिया और फिर धीरे-धीरे अपनी पारी को आगे बढ़ाया।

पुणे ने मैच में वापसी की कोशिश की, मगर कोहली ने कोशिशों पर फेरा पानी

सात ओवर में टीम का स्कोर 50 के पार पहुंच चुका था, लेकिन इसके बाद दोनों ने खासकर कोहली ने तेजी से रन बटोरने शुरू किए। टीम का स्कोर जब 94 था तभी राहुल 11.1 ओवर में एडम जाम्पा का शिकार बने। इसके बाद जाम्पा ने अब्राहम डिविलियर्स (1) को भी पवेलियन भेज पुणे की मैच में वापसी कराने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर पर खड़े कोहली ने ऐसा नहीं होने दिया। इसमें शेन वाटसन (36) ने उनका पूरा साथ दिया। वाटसन ने महज 13 गेंदों में दो छक्के और पांच चौके की मदद से तूफानी पारी खेल बेंगलोर की स्थिति को और मजबूत कर दिया। वाटसन 15.3 ओवर में 137 के कुल स्कोर पर आरपी. सिंह का शिकार बने। इसके बाद कोहली ने पुणे की गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए टीम को तीन गेंद पहले ही जीत दिला दी। कोहली के साथ ट्रेविस हेड छह रन पर नाबाद पवेलियन लौटे।

पुणे ने की शानदार शुरूआत, दूसरे विकेट के लिए हुई 106 रनों की साझेदारी

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी पुणे को रहाणे और उस्मान ख्वाजा (16) ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए महज 2.2 ओवर में 26 रन जोड़ लिए थे। तभी ख्वाजा रन आउट हो गए। इसके बाद आए सौरव ने रहाणे के साथ पारी को आगे बढ़ाया और दोनों ने उसी अंदाज में बल्लेबाजी की जिस अंदाज में पारी की शुरुआत हुई थी। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 106 रनों की शतकीय साझेदारी की।

महेंद्र सिंह धोनी का बल्ला नहीं चला, मगर टीम ने बनाया सम्मानजनक स्कोर

सौरव 14वें ओवर में युजवेंद्र चहल की गेंद पर 132 के कुल स्कोर पर स्टंप आउट हो गए। इसके बाद कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (9) ने मोर्चा संभाला, लेकिन वह ज्यादा देर मैदान पर टिक नहीं सके और 144 के कुल स्कोर पर पेवलियन लौट गए। तिसिरा परेरा (14) और जॉर्ज बेले (0) भी अंत में तेजी से रन बनाने के चक्कर में अपने विकेट गंवा बैठे। रहाणे को वाटसन ने 19वें ओवर में पवेलियन भेज उनकी शानदार पारी का अंत किया। अंतिम ओवर में रजत भाटिया (नाबाद 9) और रविचंद्रन अश्विन (नाबाद 10) ने एक-एक छक्का जड़ा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।