राजकोट: तीन मैचों में लगातार जीत के बाद पिछले मैच में हार का स्वाद चुक चुकी गुजरात लायंस रविवार को यहां आईपीएल के मैच में रायल चैलेंजर्स बेंगलूर के ख़िलाफ एक बार फिर पुरानी आदत दोहराना चाहेगी जबकि बेंगलूर पुणे को हराने के बाद नये जोश से उतरेगी हालंकि आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गेल की कमी ज़रुर खलेगी जो पिता बनने के बाद कुछ दिन की छुट्टी पर स्वदेश गए हैं।
इस सीज़न में आईपीएल की दो नयी टीमों में से एक गुजरात लायंस ने पहले तीन मैचों में किंग्स इलेवन पंजाब, राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स और मुंबई इंडियंस को हराया लेकिन उसे पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों दस विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। गुजरात के पक्ष में आरसीबी की कमज़ोर गेंदबाज़ी और गेल की गैर मौजूदगी जाती है।
लायंस की बल्लेबाजी सलामी बल्लेबाज आरोन फिंच और ब्रेंडन मैकुलम पर निर्भर होगी जिसके बाद रैना, ड्वेन ब्रावो और दिनेश कार्तिक उतरेंगे। मैकुलम अभी तक अपनी क्षमता के अनुरूप नहीं खेल सके हैं। फिंच ने पहले तीन मैचों में अर्धशतक जमाये लेकिन पिछले मैच में खाता नहीं खोल सके। लायंस की सलामी जोड़ी अभी तक चार मैचों में से सिर्फ एक में चल सकी है जब पुणे के खिलाफ उन्होंने पहले विकेट के लिये 85 रन जोड़े।
पिछले मैच में रैना ने 51 गेंद में 75 रन बनाये हालांकि टीम को जीत तक नहीं ले जा सके। ब्रावो और रविंदर जडेजा से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में वे डेल स्टेन की जगह जेम्स फाकनेर या ड्वेन स्मिथ को उतार सकते हैं।
आरसीबी ने अब तक दो मैच जीते और दो हारे हैं। पिछले मैच में उसने महेंद्र सिंह धोनी की पुणे टीम को हराया। कोहली और एबी डिविलियर्स जबर्दस्त फार्म में हैं और बल्लेबाज़ी इन्हीं पर निर्भर करेगी। कोहली ने चार पारियों में 267 रन बनाये हैं और आरेंज कैप उनके पास है। वहीं डिविलियर्स ने चार मैचों मैं 249 रन जोड़े हैं। शेन वाटसन ने बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि युवा सरफ़राज़ ख़ान ने भी कुछ मैचों में अच्छी पारियां खेली। आरसीबी की चिंता का सबब उसकी गेंदबाजी है चूंकि उसके गेंदबाज दिल्ली डेयरडेविल्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाकाम रहे थे ।
गुजरात लायंस: सुरेश रैना (कप्तान), सरबजीत लड्ढा, अक्षदीप नाथ, अमित मिश्रा , ड्वेन ब्रावो, पारस डोगरा, एकलव्य द्विवेदी, जेम्स फाकनेर, आरोन फिंच, ईशान किशन, रविंद्र जडेजा, शादाब जकाती, दिनेश कार्तिक, शिविल कौशिक,धवल कुलकर्णी, प्रवीण कुमार, ब्रेंडन मैकुलम, प्रदीप सांगवान, जयदेव शाह, उमंग शर्मा, ड्वेन स्मिथ, डेल स्टेन, प्रवीण ताम्बे और एंड्रयू टाये।
रायल चैलेंजर्स बेंगलूर: विराट कोहली (कप्तान), वरूण आरोन, अबु नेचिम, एस अराविंद, सैमुअल बद्री, स्टुअर्ट बिन्नी, युजवेंद्र चहल, एबी डिविलियर्स, प्रवीण दुबे, क्रिस गेल, ट्रेविस हेड, इकबाल अब्दुल्ला, केदार जाधव, अक्षय कर्णेवार, सरफराज खान, विक्रमजीत मलिक, मनदीप सिंह, एडम मिल्ने, हर्षल पटेल, लोकेश राहुल, परवेज रसूल, केन रिचर्डसन, सचिन बेबी, मिशेल स्टार्क, विकास टोकस, शेन वाटसन, डेविड वीसे, तबरेज शम्सी ।
मैच का समय : शाम चार बजे से ।