1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सिर्फ भारतीय खिलाड़ियों के साथ छोटे आईपीइएल के पक्ष में है राजस्थान रॉयल्स

सिर्फ भारतीय खिलाड़ियों के साथ छोटे आईपीइएल के पक्ष में है राजस्थान रॉयल्स

 Edited By: Bhasha
 Published : Apr 01, 2020 12:32 pm IST,  Updated : Apr 01, 2020 12:32 pm IST

बीसीसीआई ने इस धनाढ्य लीग को लेकर अभी तक फैसला नहीं किया है जिसे कोविड-19 महामारी और विदेशी नागरिकों के भारत में प्रवेश पर लगी पाबंदी को देखते हुए कम से कम 15 अप्रैल तक स्थगित कर दिया गया था।

Indian premier league news, ipl 2020, ipl coronavirus, ipl new dates, ipl 2020 cancelled, rajasthan - India TV Hindi
Rajasthan Royals  Image Source : TWITTER/RR

राजस्थान रायल्स के सीईओ रंजीत बरठाकुर ने बुधवार को कहा कि इस मुश्किल समय में केवल भारतीय खिलाड़ियों के साथ छोटी अवधि का आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) भी अच्छा होगा। उन्होंने इसके साथ ही खुलासा किया कि इस टी20 लीग के भाग्य का फैसला 15 अप्रैल से पहले किये जाने की संभावना नहीं है। 

कोरोना वायरस के कारण दुनिया भर में खेल गतिविधियां ठप्प पड़ी हैं। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस धनाढ्य लीग को लेकर अभी तक फैसला नहीं किया है जिसे कोविड-19 महामारी और विदेशी नागरिकों के भारत में प्रवेश पर लगी पाबंदी को देखते हुए कम से कम 15 अप्रैल तक स्थगित कर दिया गया था। 

पूर्व कार्यक्रम के अनुसार यह टूर्नामेंट 29 मार्च से शुरू होना था। बरठाकुर ने पीटीआई से कहा, ‘‘हम केवल भारतीय खिलाड़ियों के साथ छोटे टूर्नामेंट के लिये तैयार है। आखिरकार यह है तो इंडियन प्रीमियर लीग ही। ’’ 

महामारी को रोकने के लिये देश भर में ‘लॉकडाउन’ है और वर्तमान हालात देखकर इसके आयोजन की संभावना नहीं लग रही है। बीसीसीआई के पास हालांकि कुछ द्विपक्षीय सीरीज की तिलांजलि देकर साल के अंत में आईपीएल के आयोजन का विकल्प है। रायल्स के कार्यकारी अधिकारी ने उम्मीद जतायी कि बीसीसीआई फ्रेंचाइजी के सर्वश्रेष्ठ हितों को ध्यान में रखकर फैसला करेगा। 

उन्होंने कहा, ‘‘यह असाधारण समय है और स्थिति में सुधार पर बीसीसीआई को अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रयास करने होंगे। ’’ 

बरठाकुर ने कहा, ‘‘पहले हम केवल भारतीय खिलाड़ियों के आईपीएल के बारे में नहीं सोच सकते थे लेकिन अब भारत में पर्याप्त अच्छे खिलाड़ी हैं। आईपीएल नहीं करवाने के बजाय केवल भारतीय खिलाड़ियों के साथ टूर्नामेंट आयोजित कराना बेहतर होगा। ’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘टूर्नामेंट का आयोजन कब हो सकता है, इसका फैसला बीसीसीआई को करना है और मेरा मानना है कि ऐसा फैसला 15 अप्रैल के बाद ही किया जाना चाहिए।’’ 

कोरोना वायरस के कारण विश्व भर में 850,000 लोग संक्रमित हैं जबकि 42000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में 1600 से अधिक लोग संक्रमित हैं और 40 से अधिक की मौत हो गयी है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल