कोलकाता: कोलकाता नाइटराइडर्स के हाथों आईपीएल नौ के पहले मैच में ही नौ विकेट की करारी हार के बावजूद दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान ज़हीर ख़ान बहुत चिंतित नहीं हैं और उन्होंने कहा कि यह उनकी टीम के लिये केवल एक बुरा दिन था। डेयरडेविल्स आईपीएल के पिछले आठ सत्रों में कभी फाइनल तक नहीं पहुंच पायी है। इस बार उसने अपनी टीम में आमूलचूल बदलाव किये हैं लेकिन केकेआर के खिलाफ टीम केवल 98 रन पर ढेर हो गयी और केकेआर ने केवल 14.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर दिया था।
ज़हीर ने कहा कि टूर्नामेंट अभी शुरू हुआ है और डेयरडेविल्स को चुका हुआ मानना सही नहीं होगा। उन्होंने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, हां मैं मुस्करा रहा हूं। मैं जानता हूं कि यह हमारे लिये मुश्किल दिन था लेकिन यह केवल एक बुरा दिन था। यह सत्र की शुरूआत है और मुझे उम्मीद है कि आगे सब कुछ अच्छा होगा। उन्होंने कहा, यह लंबा टूर्नामेंट है और हर टीम के लिये कोई दिन बुरा होता है। कुछ अवसरों पर ऐसा होता है। उम्मीद है कि हमारे लिये यह दिन बीत चुका है और हम बाकी मैचों पर ध्यान दे रहे हैं। डेयरडेविल्स की बल्लेबाजी नहीं चल पायी और टीम 17.4 ओवर में आउट हो गयी। जहीर ने हालांकि अपने बल्लेबाजों का बचाव किया। उन्होंने कहा, खिलाडि़यों ने मैदान पर जिस तरह का रवैया दिखाया मैं उससे खुश हूं। गेंदबाजों ने विकेट लेने की पूरी कोशिश की। यह युवा टीम है। हमारे खिलाडी उर्जावान हैं। हम अवसर पैदा करेंगे।