बेंगलुरू: सदाबहार एबी डिविलियर्स ने अपनी दिलकश बल्लेबाजी का अद्भुत नजारा किया जबकि इकबाल अब्दुल्ला ने सही समय पर अपनी आलराउंड क्षमता दिखायी जिससे शीर्ष क्रम के धुरंधरों की नाकामी से एक समय बैकफुट पर पहुंचे रायल चैलेंजर्स बेंगलूर ने आज यहां गुजरात लायन्स को चार विकेट से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) नौ के फाइनल में प्रवेश किया।
आरसीबी ने 159 रन के लक्ष्य के सामने बेहतरीन फार्म में चल रहे कप्तान विराट कोहली सहित चोटी के पांच विकेट 29 रन तक गंवा दिए थे लेकिन डिविलियर्स ने 47 गेंदों पर पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 79 रन बनाए। उन्होंने स्टुअर्ट बिन्नी (21) के साथ छठे विकेट के लिए 39 और अब्दुल्ला (25 गेंदों पर नाबाद 33) के साथ सातवें विकेट के लिए 91 रन की अटूट साझेदारी की जिससे आरसीबी ने 18.2 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर दिया।
इससे पहले लायन्स का शीर्ष क्रम भी बिखर गया था। लायन्स का स्कोर चौथे ओवर में ही तीन विकेट पर नौ रन था लेकिन ड्वेन स्मिथ ने 41 गेंदों पर पांच चौकों और छह छक्कों की मदद से 73 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने दिनेश कार्तिक (30 गेंदों पर 26 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 10.1 ओवर में 85 रन जोड़कर टीम को शुरूआती झटकों से उबारा। लायन्स ने अंतिम दस ओवरों में 100 रन बनाए और आखिर में उसकी टीम 20 ओवर में 158 रन बनाकर आउट हुए।
लायन्स को फाइनल में पहुंचने का दूसरा मौका मिलेगा। वह दूसरे क्वालीफायर्स में बुधवार को फिरोजशाह कोटला में होने वाले एलिमिनेटर के विजेता से भिड़ेगा। एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइटराइडर्स की टीमें आमने सामने होंगी। डिविलियर्स की तूफानी पारी से धवल कुलकर्णी का 14 रन देकर चार विकेट और रविंद्र जडेजा का 21 रन देकर दो विकेट का प्रयास भी बेकार चला गया। इससे पहले आरसीबी की तरफ से शेन वाटसन ने 29 रन देकर चार विकेट हासिल किये थे। अब्दुल्ला और क्रिस जोर्डन ने दो . दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया।