1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL: कोहली, डिविलियर्स की शानदार पारियां, रॉयल चैलेंजर्स जीता

IPL: कोहली, डिविलियर्स की शानदार पारियां, रॉयल चैलेंजर्स जीता

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 22, 2016 08:00 pm IST,  Updated : Apr 22, 2016 11:56 pm IST

कप्तान विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के बीच बड़ी शतकीय साझेदारी की मदद से रायल चैलेंजर्स बेंगलूर ने आज यहां महेंद्र सिंह धोनी की राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स को 13 रन से हराकर आईपीएल नौ में फिर से जीत की राह पकड़ी।

virat kohli- India TV Hindi
virat kohli Image Source : PTI

पुणे: कप्तान विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के बीच बड़ी शतकीय साझेदारी की मदद से रायल चैलेंजर्स बेंगलूर ने आज यहां महेंद्र सिंह धोनी की राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स को 13 रन से हराकर आईपीएल नौ में फिर से जीत की राह पकड़ी। डिविलियर्स ने 46 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से 83 रन की धमाकेदार पारी खेली।

कोहली ने अपनी शानदार फार्म जारी रखी और 63 गेंदों पर 80 रन बनाये जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल हैं। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिये 155 रन की साझेदारी की। यह आईपीएल में कुल पांचवां और इस सत्र में तीसरा अवसर है जबकि कोहली और डिविलियर्स ने शतकीय साझेदारी निभायी। उनकी इस भागीदारी से आरसीबी ने तीन विकेट पर 185 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

अजिंक्य रहाणे (46 गेंदों पर 60 रन) और धोनी (38 गेंदों पर 41 रन) ने दूसरे विकेट के लिये 73 गेंदों पर 91 रन की साझेदारी करके टीम को शुरूआती झटकों से उबारा लेकिन वे अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाये। आखिरी चार ओवरों में 65 रन की दरकार थी। तिसारा परेरा ने 13 गेंदों पर तीन चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 34 रन की तूफानी पारी खेली लेकिन इसके बावजूद सुपरजाइंट्स आठ विकेट पर 172 रन तक ही पहुंच पाया।

आरसीबी की यह चौथे मैच में दूसरी जीत है जिससे उसके चार अंक हो गये हैं। पुणे ने भी चार मैच खेले हैं लेकिन उसे लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है। चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने के लिये उतरे सुपरजाइंट्स को दूसरे ओवर में दो करारे झटके लगे। पिछले दो मैचों में अर्धशतक जड़ने वाले फाफ डुप्लेसिस ने मिड आफ पर लंबा शाट खेलने के प्रयास में हवा में लहराता कैच दिया जबकि केन रिचर्डसन की अगली गेंद को रक्षात्मक रूप से खेलने के प्रयास में नये बल्लेबाज केविन पीटरसन के टखने में चोट लग गयी और उन्हें तुरंत क्रीज छोड़नी पड़ी।

टीमें:

राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स: महेन्द्र सिंह धौनी (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, फाफ डू प्लेसिस, केविन पीटरसन, स्टीवन स्मिथ, थिसिरा परेरा, रजत भाटिया, अंकित शर्मा, रविचन्द्रन अश्विन, एम. अश्विन और इशांत शर्मा।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर: विराट कोहली (कप्तान), मनदीप सिंह, अब्राहम डिविलियर्स, शेन वॉटसन, सरफराज खान, के.एल.राहुल, स्टुअर्ट बिन्नी, केन रिचर्डसन, हर्षल पटेल, इकबाल अबदुल्ला, तबरेज शम्सी।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल