1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL: पठान की आतिशी पारी से केकेआर ने आरसीबी को हराया

IPL: पठान की आतिशी पारी से केकेआर ने आरसीबी को हराया

 Written By: Bhasha
 Published : May 02, 2016 11:59 pm IST,  Updated : May 03, 2016 12:00 am IST

बेंगलुरू: युसूफ पठान के 29 गेंद में नाबाद 60 रन और आंद्रे रसेल के साथ पांचवें विकेट के लिये 96 रन की साझेदारी की मदद से कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को पांच

kkr- India TV Hindi
kkr Image Source : PTI

बेंगलुरू: युसूफ पठान के 29 गेंद में नाबाद 60 रन और आंद्रे रसेल के साथ पांचवें विकेट के लिये 96 रन की साझेदारी की मदद से कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को पांच विकेट से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में जीत की राह पर वापसी की। पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर ने कप्तान विराट कोहली और के एल राहुल के अर्धशतकों की बदौलत सात विकेट पर 185 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में एक समय केकेआर हार की ओर बढती नजर आ रही थी जब उसने 11वें ओवर में चार विकेट सिर्फ 69 रन पर गंवा दिये थे लेकिन इसके बाद पठान और आंद्रे रसेल ने 44 गेंद में 96 रन जोड़कर टीम को मैच की राह पर लौटाया। केकेआर ने 19.1 ओवर में पांच विकेट खोकर 189 रन बनाये।

पठान ने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाये जबकि रसेल ने 24 गेंद में एक चौके और चार छक्कों की मदद से 39 रन जोड़े। पिछले दो मैच हारने वाली केकेआर के लिये अपने घरेलू मैदान ईडन गार्डन पर लौटने से पहले यह जीत काफी अहम थी। इस जीत के बाद केकेआर आठ मैचों में 10 अंक लेकर गुजरात लायंस के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया जबकि आरसीबी सात मैचों में चार अंक लेकर सातवें स्थान पर है।

केकेआर की पारी का आगाज खराब रहा और पहले ओवर की आखिरी गेंद पर राबिन उथप्पा को स्टुअर्ट बिन्नी ने कोहली के हाथों लपकवाया। पांचवें ओवर में क्रिस लिन (15) पवेलियन लौट गए। कप्तान गौतम गंभीर ने 29 गेंद में 37 रन जोड़े लेकिन नौवें ओवर में एस अराविंद ने उन्हें पगबाधा आउट कर दिया। केकेआर का चौथा विकेट मनीष पांडे (8) के रूप में गिरा। उस समय स्कोर 11वें ओवर में 69 रन था जिसके बाद रसेल और पठान ने मैच का रूख बदल दिया।

केकेआर के लिये पारी का 17वां ओवर निर्णायक रहा जिसमें पठान ने शेन वाटसन की जमकर धुनाई करते हुए 24 रन लिये। इस ओवर से पहले केकेआर को 24 गेंद में 47 रन की जरूरत थी। पठान ने पहली तीन गेंदों पर चौके लगाये जबकि चौथी गेंद पर छक्का और आखिरी गेंद पर फिर चौका जड़कर आरसीबी को मैच से बाहर कर दिया। इससे पहले आरसीबी ने भी आखिरी ओवरों में काफी रन बनाये। एक समय आरसीबी का स्कोर 17वें ओवर के आखिर में चार विकेट पर 131 रन था। इसके बाद शेन वाटसन (34), सचिन बेबी (16) और स्टुअर्ट बिन्नी (16) ने संक्षिप्त आक्रामक पारियां खेली। वाटसन ने 21 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का जड़ा।

बिन्नी ने आखिरी ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया। उमेश यादव के आखिरी ओवर में 20 रन बने। उसने चार ओवर में 56 रन देकर एक विकेट लिया। उसने 18वें ओवर में भी 23 रन दिये थे।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।