राजकोट: भुवनेश्वर कुमार की अगुवाई में कसी हुई गेंदबाजी और कप्तान डेविड वार्नर के एक और उत्कृष्ट अर्धशतक की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने आज यहां गुजरात लायन्स के विजय अभियान पर रोक लगाकर आईपीएल नौ के मैच में 31 गेंद शेष रहते हुए दस विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की।
वार्नर ने 48 गेंदों पर नाबाद 74 रन बनाए जिसमें नौ चौके शामिल हैं। पहले तीन मैचों में रन बनाने के लिये जूझने वाले शिखर धवन ने भी फार्म में वापसी करके 41 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से नाबाद 53 रन की पारी खेली। लायन्स के बल्लेबाज जहां रन बनाने के लिये जूझ रहे थे वहीं इन दोनों ने आसानी से रन बटोरे और सनराइजर्स को 14.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 137 रन तक पहुंचाकर लगातार दूसरी जीत दिलायी।
इससे पहले टास गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिये उतरे लायन्स की तरफ से केवल कप्तान सुरेश रैना ही गेंदबाजों का डटकर सामना कर पाये। पहले ओवर में क्रीज पर कदम रखने के बाद आखिरी ओवर में आउट होने से पहले बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने 51 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 75 रन बनाये लेकिन इसके बावजूद उनकी टीम आठ विकेट पर 135 रन तक ही पहुंच पायी। रैना ने इस बीच टी20 क्रिकेट में 6000 रन भी पूरे किये।
सनराइजर्स को जीत की राह गेंदबाजों ने दिखायी। भुवनेश्वर उसके सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 29 रन देकर चार विकेट लिये। इनमें से तीन विकेट उन्होंने पारी के आखिरी ओवर में हासिल किये। मुस्तफिजुर रहमान ने फिर से कसी हुई गेंदबाजी की और चार ओवर में 19 रन देकर एक विकेट लिया। उनके अलावा बिपुल शर्मा, दीपक हुड्डा और बरिंदर सरण ने भी एक . एक विकेट हासिल किया।