हैदराबाद: डेविड वार्नर (नाबाद 90) ने सोमवार को अपनी बेहतरीन पारी की मदद से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण में सनराइजर्स हैदराबाद को पहली जीत दिलाई। सनराइजर्स ने राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए लीग के 12वें मैच में मुंबई इंडियंस द्वारा दिए गए 143 रनों के लक्ष्य को 17.3 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
वार्नर ने नायाब पारी खेलते हुए 59 गेंदों का सामना कर सात चौके और चार छक्के लगाए। उनके अलावा मोएसिस हेनरिक्स ने 20, इयोन मोर्गन ने 11 और दीपक हुड्डा ने नाबाद 17 रन बनाए। हुड्डा और वार्नर ने 19 गेंदों पर 45 रनों की साझेदारी की। हुड्डा ने नौ गेंदों पर दो चौके लगाए। यह तीन मैचों में सनराइजर्स की पहली जीत है जबकि मुम्बई को चार मैचों में से तीसरी हार का सामना करना पड़ा।
इससे पहले मुंबई इंडियन्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग मैच में सोमवार को यहां पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 142 रन बनाए थे। मुंबई की ओर से अंबाती रायुडू ने 54 जबकि पंड्या ने नाबाद 49 रन बनाए। हैदराबाद की तरफ से बरिंदर सरन ने तीन विकेट चटकाए। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण में सोमवार को राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे 12वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने के फैसला किया था।
हैदराबाद की टीम में एक बदलाव किया गया था। लेग स्पिनर करण शर्मा की जगह बिपुल शर्मा को टीम में जगह मिली। मुंबई की टीम में भी एक बदलाव किया गया था। केरन पोलार्ड की जगह मार्टिन गुपटिल को टीम में जगह मिली। पोलार्ड स्वस्थय ठीक ना होने के कारण यह मैच नहीं खेले।
टीमें:
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), पार्थिव पटेल, हार्दिक पंड्या, जोस बटलर, अंबाती रायडू, मार्टिन गुपटिल, हरभजन सिंह, कुणाल पंड्या, टिम साउदी, मिशेल मैक्लेघन और जसप्रीत बुमराह।
सनराइजर्स हैदराबाद: डेविड वार्नर (कप्तान), शिखर धवन, मोइसिस हेनरिक्स, आशीष रेड्डी, इयोन मोर्गन, नमन ओझा, दीपेंद्र हुड्डा, बिपुल शर्मा, बरेंदर सरन, मुस्ताफिजुर रहमान और भुवनेश्वर कुमार।