1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL: मुंबई का लक्ष्य कोलकता के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना

IPL: मुंबई का लक्ष्य कोलकता के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 12, 2016 01:37 pm IST,  Updated : Apr 12, 2016 01:37 pm IST

कोलकाता: रहस्यमयी स्पिनर सुनील नारायण की वापसी से आत्मविश्वास से भरी कोलकाता नाइटराइडर्स बुधवार को यहां मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में जीत से अपनी पकड़ मजबूत करना चाहेगी। नाइटराइडर्स

rohit sharma and sachin tendulkar- India TV Hindi
rohit sharma and sachin tendulkar

कोलकाता: रहस्यमयी स्पिनर सुनील नारायण की वापसी से आत्मविश्वास से भरी कोलकाता नाइटराइडर्स बुधवार को यहां मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में जीत से अपनी पकड़ मजबूत करना चाहेगी। नाइटराइडर्स और गत चैम्पियन मुंबई की आईपीएल में शुरूआत अलग अलग तरह से हुई है। नाइटराइडर्स ने जहां दिल्ली डेयरडेविल्स को 100 से कम स्कोर पर आउट कर नौ विकेट से जीत दर्ज की तो वहीं मुंबई इंडियंस को लीग में पदार्पण कर रहे राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स से नौ विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। नारायण अपने पिता के निधन के बाद स्वदेश लौट गये थे लेकिन अब वह वापस आ गये हैं और आईसीसी से उनके गेंदबाजी एक्शन को हरी झंडी भी मिल चुकी है तो वह 45 वर्षीय चाइनामैन गेंदबाज ब्रैड हाग के साथ खतरनाक संयोजन बन सकते हैं, बशर्ते इन दोनों विदेशी खिलाडि़यों को अंतिम एकादश में चुना गया। नारायण चार आईपीएल सत्र में 74 विकेट हासिल कर चुके हैं और गौतम गंभीर की अगुवाई वाली शाहरूख खान की फ्रेंचाइजी को 2012 और 2014 में खिताब दिलाने में काफी अहम रहे थे। अगर नारायण जेट-लेग के बावजूद उपलब्ध रहते हैं तो गंभीर के लिये चयन में दुविधा हो जायेगी क्योंकि आस्ट्रेलियाई अनुभवी ब्रैड हाग :19 रन देकर तीन विकेट: दिल्ली डेयरडेविल्स को 17.4 ओवर में 98 रन पर समेटने में काफी महत्वपूर्ण साबित हुए थे।

अगर ऐसा होता है तो गंभीर जान हेस्टिंग्स को बाहर करना चाहेंगे जिन्होंने हालांकि दिल्ली के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की थी। भारत की हाल में आस्ट्रेलियाई सीरीज को देखा जाये तो साफ दिखता है कि मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने इस आस्ट्रेलियाई का बेहतर ढंग से सामना किया था। एक दूसरा विकल्प हो सकता है कि वह एक बल्लेबाज कम खिलाकर नारायण को जगह दें, तो कोलिन मुनरो को बाहर बैठना पड़ सकता है। इसके अलावा केकेआर के पास विजयी संयोजन हैं, यहां तक कि इसका मतलब बांग्लादेशी स्टार आल राउंडर शकिबुल हसन को नहीं खिलाना हो जो विश्व टी20 में शानदार प्रदर्शन के बावजूद अंतिम एकादश में जगह नहीं बना सके जिसमें उन्होंने सात मैचों में 10 विकेट हासिल किये थे। यह केकेआर का इस महीने ईडन गार्डंस पर अंतिम मैच होगा क्योंकि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के कारण लगातार छह मैच राज्य के बाहर खेले जायेंगे जिससे गंभीर की टीम घरेलू मैदान पर ये दो महत्वपूर्ण अंक नहीं गंवाना चाहेगी। इस स्थल पर 2013 और 2015 में दो आईपीएल खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस को वापसी करनी है तो उसके बल्लेबाजों को अपने लिये इस भाग्यशाली स्टेडियम में केककेआर की स्पिन पहेली का तोड़ निकलाना होगा। लेकिन पिछले मैच में उनके प्रदर्शन को देखकर यह संभावना काफी कमजोर दिखती है और अगर उन्हें खिताब का बचाव करना है तो उन्हें जल्द से जल्द लय में वापसी करनी होगी। उनके कप्तान रोहित शर्मा को इस स्टेडियम पर बेहतर प्रदर्शन कर उदाहरण पेश करना होगा, जहां उन्होंने वनडे की 264 रन की विश्व रिकार्ड पारी खेली थी।

मुंबई इंडियंस ने पिछले मैच में उछाल भरी पिच पर बल्लेबाजी का हैरानी भरा फैसला किया। टीम के स्टार बल्लेबाज विफल रहे और 16वें ओवर तक उन्होंने 68 रन पर सात विकेट गंवा दिये थे, उनके चार शीर्ष बल्लेबाज 30 रन के अंदर पवेलियन लौट गये। हरभजन सिंह ने 30 गेंद में 45 रन बनाकर टीम को आठ विकेट पर 121 रन बनाने में मदद की। लेकिन अंजिक्य रहाणे, फाफ डु प्लेसिस और केविन पीटरसन जैसे धुरंधरों की टीम के लिये यह लक्ष्य मामूली सा ही रहा जिन्होंने 14.4 ओवर में इसे हासिल कर नौ विकेट से जीत दर्ज की।

कोलकाता नाइटराइडर्स: गौतम गंभीर (कप्तान), रोबिन उथप्पा, मनीष पांडे, कोलिन मुनरो, सूर्यकुमार यादव, यूसुफ पठान, आंद्रे रसेल, पीयूष चावला, जान हेस्टिंग्स, ब्रैड हाग, उमेश यादव, सुनील नारायण, शकिबुल हसन, मोर्नी मोर्कल, क्रिस लिन, जेसन होल्डर, कुलदीप यादव, मनन शर्मा, अंकित राजपूत, राजागोपा सतीश, जयदेव उनादकट और शेल्डन जैकसन।

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), लेंडिल सिमन्स, हार्दिक पंड्या, जोस बटलर, अम्बाती रायुडू, किरोन पोलार्ड, श्रेयस गोपाल, हरभजन सिंह, आर विनय कुमार, मिशेल मैक्लेनाघन, जसप्रीत बुमरा, कोरी एंडरसन, उन्मुक्त चंद, मर्चांट डि लांगे, किशोर कामत, सिधेश लैड, क्रुणाल पंड्या, पार्थिव पटेल, दीपक पुनिया, नितिश राणा, जितेश शर्मा, नाथू सिंह, टिम साउदी, जगदीश सुचित और अक्षण वाखरे।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।