कानपुर: ग्रीन पार्क को अपना दूसरा होम ग्राउंड बनाकर गुजरात लायंस के अधिकारी काफी खुश हैं क्योकि यहां पहली बार हो रहे आईपीएल मैच की दीवानगी के कारण कुछ मंहगे टिकटों को छोड़कर सभी सस्ते टिकट बिक गये हैं। दर्शकांे के इस उत्साह को देखते हुये गुजरात लायंस ने घोषणा कर दी है कि अगले वर्ष आईपीएल में उनकी टीम ग्रीन पार्क को ही अपना दूसरा होम ग्राउंड बनाएगी और दो से ज्यादा मैच करवाने का प्रयास करेगी । लायंस की टीम ने राजकोट के बाद अपना दूसरा होम ग्राउंड कानपुर को बनाया है और इसमें आईपीएल चेयरमैन और यूपीसीए सचिव राजीव शुक्ला की काफी महत्तवपूर्ण भूमिका है क्योंकि कानपुर उनकी भी होम सिटी है।
ग्रीन पार्क में 19 और 21 मई को लायंस के दो आईपीएल मैच होने हैं। इस मैच को देखने केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली, आईसीसी के चेयरमैन शशांक मनोहर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी मैच देखने आ रहे हैं। गुजरात लायंस ने फिल्म स्टार संजय दत्त और उनके परिवार को भी मैच देखने का न्यौता दिया है । गुजरात लायंस के मालिक केशव बंसल के मुताबिक कानपुर की जनता की आईपीएल मैचों के प्रति दीवानगी देख कर वह बहुत खुश हैं । यहां के दर्शकों के उत्साह का आलम यह है कि जब टिकटांे की बिक्री आधिकारिक आनलाइन टिकट विक्रेता ने शुरू की तो उसकी वेबसाइट ही क्रेश हो गयी । उसके बाद दर्शकों की सुविधा के लिये शहर में कई स्थानों पर मोबाइल शाप पर टिकट बिक्री करवाने का प्रबंध किया गया और जानकारी के अनुसार वहां भी महंगी टिकटों को छोड़कर शेष सभी टिकटें लगभग खत्म ही हो गयी हैं।