1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL: मुंबई बनाम हैदराबाद के बीच होगा दिलचस्प मुकाबला

IPL: मुंबई बनाम हैदराबाद के बीच होगा दिलचस्प मुकाबला

 Written By: Bhasha
 Published : May 07, 2016 02:47 pm IST,  Updated : May 07, 2016 02:47 pm IST

विशाखापत्तनम: एक हफ्ते के ब्रेक के बाद तरोताजा होकर वापसी करने वाली मुंबई इंडियंस कल यहां इंडियन प्रीमियर लीग मैच में बेहतरीन फार्म में चल रही सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपनी जीत की लय जारी

IPL-9- India TV Hindi
Mumbai Indians

विशाखापत्तनम: एक हफ्ते के ब्रेक के बाद तरोताजा होकर वापसी करने वाली मुंबई इंडियंस कल यहां इंडियन प्रीमियर लीग मैच में बेहतरीन फार्म में चल रही सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपनी जीत की लय जारी रखने की कोशिश करेगी। पंजाब, कोलकाता और पुणे के खिलाफ लगातार तीन जीत दर्ज करने के बाद मुंबई को एक हफ्ते का ब्रेक मिला और वह सनराइजर्स को पस्त करने के लिये बेकरार होगी जिसने बीती रात गुजरात लायंस पर पांच विकेट से जीत दर्ज की। हैदराबाद और मुंबई दोनों 10-10 अंक लेकर तालिका में बीच में हैं, जिन्होंने क्रमश: आठ और नौ मैचों में पांच जीत दर्ज की हैं।

दोनों टीमें 18 अप्रैल को एक दूसरे से भिड़ी थीं, जिसमें सनराइजर्स ने 15 गेंद रहते सात विकेट से जीत दर्ज की थी और मुंबई की टीम बदला चुकता करने के लिये बेताब होगी। मुंबई और हैदराबाद दोनों को अपने कप्तान के रूप में अच्छे बल्लेबाज मिले हैं जो अभी तक आईपीएल नौ में रन मशीन साबित हो रहे हैं। रोहित शर्मा ने अभी तक 383 रन और डेविड वार्नर ने 410 रन बनाये हैं। मुंबई के लिये अम्बाती रायुडू और पार्थिव पटेल ने अपने कप्तान के असफल होने के बाद टीम के लिये योगदान दिया जबकि हैदराबाद के लिये शिखर धवन ने वार्नर के अलावा बल्लेबाजी की जिम्मेदारी उठायी है।

आस्ट्रेलियाई आल राउंडर मोईजेज हेनरिक्स भी कुछ महत्वपूर्ण योगदान कर हैदराबाद के लिये महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित हो रहे हैं। हैदराबाद को अब युवराज सिंह की भी सेवायें मिलेंगी जिन्होंने टखने की चोट से उबरने के बाद आईपीएल नौ में आगाज किया, हालांकि वह कल ज्यादा कुछ नहीं कर सके। दिलचस्प बात है कि जब विपक्षी टीमों को रोकने की बात आती है तो मुंबई और हैदराबाद दोनों अपनी तेज गेंदबाजी पर निर्भर रहे हैं। न्यूजीलैंड के मिशेल मैक्लेनघन ने मुंबई के लिये 13 विकेट चटकाये हैं और सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों में दूसरे स्थान पर हैं जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 12 विकेट हासिल कर हैदराबाद के लिये यह काम किया है। अन्यों में जसप्रीत बुमराह और टिम साउदी ने क्रमश: 11 और सात विकेट चटकाये हैं तथा मुंबई के लिये अगले सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं। इसी तरह बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान :10 विकेट: हैदराबाद के लिये अहम साबित हुए हैं और बरिंदर सरन :छह विकेट: ने भी योगदान दिया है। हालांकि मुंबई के स्पन विभाग ने हैदराबाद से बेहतर किया है जिसमें हरभजन सिंह :पांच विकेट: और हार्दिक एवं क्रुणाल पंड्या बंधुओं :तीन तीन विकेट: ने टीम के लिये अहम योगदान दिया है। हैदराबाद के स्पिनर कर्ण शर्मा, ए आशीष रेड्डी, दीपक हुड्डा और बिपुल शर्मा इतना प्रभाव नहीं डाल सके हैं।

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), पार्थिव पटेल, हार्दिक पंड्या, जोस बटलर, मिशेल मैक्लेनघन, अम्बाती रायुडू, किरोन पोलार्ड, हरभजन सिंह, जगदीश सुचित, टिम साउदी, जसप्रीत बुमराह, श्रेयस गोपाल, आर विनय कुमार, कोरी एंडरसन, उन्मुक्त चंद, मर्चांट डि लांगे, सिद्धेश लाड, किशोर कामत, क्रुणाल पंड्या, दीपक पुनिया, नितिश राणा, जितेश शर्मा, नाथू सिंह, अक्षय वाखरे, मार्टिन गुप्टिल।

सनराइजर्स हैदराबाद: डेविड वार्नर (कप्तान), आशीष रेड्डी, रिकी भुई, बिपुल शर्मा, ट्रेंट बोल्ट, बेन कटिंग, शिखर धवन, मोइजेज हेनरिक्स, दीपक हुड्डा, सिद्धार्थ कौल, भुवनेश्वर कुमार, अभिमन्यु मिथुन, इयोन मोर्गन, मुस्तफिजुर रहमान, आशीष मेहरा, नमन ओझा, विजय शंकर, कर्ण शर्मा, बरिंदर सरन, टी सुमन, आदित्य तारे, केन विलियम्सन और युवराज सिंह।

मैच भारतीय समयानुसार शाम चार बजे शुरू होगा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।