इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 9वें सीजन के पहले क्वालिफायर में गुजरात लायंस के ख़िलाफ़ मैच जीतकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को फाइनल में पहुंचाने के बाद कप्तान विराट कोहली ने मैन ऑफ द मैच एबी डिविलियर्स के आगे सजदा किया और उनकी जमकर तारीफ की।
कोहली ने इस जीत का सेहरा विस्फोटक बल्लेबाज डिविलियर्स के सिर बांधते हुए कहा कि वह डिविलियर्स के सम्मान में सिर झुकाते हैं। एक समय 29 रन पर पांच और 68 रन पर छह विकेट हो गए थे और टीम मुश्किलों में थी लेकिन डिविलियर्स ने मोर्चा संभाला और टीम को फाइनल का टिकट दिलाया।
मैच के बाद कोहली ने कहा, 'मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि मैं यहां एक विजयी कप्तान के रूप में खड़ा हूं। इससे उस बहस पर भी फुलस्टॉप लग गया कि हम दोनों में से महान कौन है। मैच जीतने के बाद मैं एबीडी के सम्मान में झुक गया था। डिविलियर्स ने दबाव में अपनी शानदार पारियों में से एक पारी खेली। उनके इस प्रदर्शन से मैं बहुत खुश हूं। हम टूर्नामेंट में अच्छी क्रिकेट खेलकर प्लेऑफ में पहुंचे।'
गुजरात से मिले 159 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही थी, ऐसे में डिविलियर्स ने संयम के साथ खेलते हुए इकबाल अब्दुल्ला के साथ सातवें की विकेट के लिए 91 रन की नॉटआउट साझेदारी कर आरसीबी को फाइनल में पहुंचा दिया। कप्तान विराट ने कहा, 'इस बार हमारा टॉप ऑर्डर सही प्रदर्शन नहीं कर पाया। मैं देख रहा था कि गुजरात की टीम एबीडी को लेकर चिंतित है। वैसे इस जीत का श्रेय अब्दुल्ला को भी जाता है। उन्होंने संयम के साथ खेलते हुए एबी का अच्छा साथ निभाया। शुरुआत में गेंद रुककर आ रही थी, लेकिन दूसरी पारी में विकेट पर बल्लेबाजी आसान हो गई थी।'
27 वर्षीय कोहली ने फाइनल में पहुंचने की खुशी बयान करते हुए कहा, 'हमारे लिए इससे बढ़िया स्क्रिप्ट वाली कहानी नहीं हो सकती। आरसीबी में ही प्लेऑफ और फिर फाइनल। यह जीत बेंगलुरु के लोगों को समर्पित है।