रांची: ईशांत शर्मा टीम इंडिया के एक ऐसे सदस्य हैं जो अपनी बॉलिंग से तो बल्लेबाज़ों को बांधे ही रखते हैं साथ ही अपनी अजीब-ओ-ग़रीब भंगिमाओं से भी सबका मनोरंजन करते रहते हैं। आपको शायद याद होगा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बेंगलुरु में टेस्ट सिरीज़ के दूसरे मैच के दौरान जहां दोनों टीमों के बीच तनाव देखने को मिल रहा था वही ईशांत ने अजीब-ओ-ग़रीब चेहरे बनाकर विरोधी को परेशान करने की कोशिश की थी।

भारतीय तेज़ गेंदबाज़ ईशांत शर्मा जान लगाकर बॉलिंग कर रहे थे और हर क़ीमत पर एक विकेट लेना चाहते थे लेकिन लाख कोशिश के बावजूद ऐसा हो नही रहा था। दरअसल डेविड वार्नर के आउट होने के बाद कप्तान स्टीव स्मिथ बैटिंग करने आए थे। ईशांत ने कई बार स्मिथ को बीट किया लेकिन उनका विकट नहीं मिल पाया। क़िस्मत स्मिथ का साथ दे रही थी और वह ईशांत की बदक़िस्मती पर मंद मंद मुस्कुराने लगे। इससे चिढ़कर ईशांत ने ऐसा चेहरा बनाया कि स्मिथ तो हैरान रह गए लेकिन विराट कोहली की हंसी छूट गई।



अब तीसरे मैच में भी स्मिथ और ईशांत के बीच मुक़ाबला जारी है और इसका कमेंटेटर पूरा-पूरा मज़ा ले रहे हैं। दरअसल माइकल क्लार्क, मैथ्यू हैडन, ब्रेट ली और शिवारामा कृष्णा के बीच ईशांत के मंकी पेस को लेकर कंप्टीशन शुरु हो गया कि कौन उनकी बेहतर नकल कर सकता है।


एक के बाद एक इन्होंने चेहरे बनाए और स्क्रीन पर इसे देखकर तो दर्शक लोटपोट ही हो गए। उधर ड्रेसिग रुम में चीफ कोच अनिल कुंबले ये सब देखकर मंद मंद मुस्कुराने लगे।
आपको बता दें जब भी भारत और ऑस्ट्रेलिया भिड़ते हैं, मैदान में दोनों के बीच बहुत छींटाकशी होती है। कल की घटना ने 2007-8 सिरीज़ की याद दिला दी जब ‘मंकीगेट’ विवाद हुआ था। इस विवाद में हरभजन सिंह और एंड्रू सिमंड्स शामिल थे।