कानपुर: तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ के पहले मैच में सोमवार को हारने के बाद न्यज़ीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन ने कहा कि इस हार से हमने कई सबक लिए हैं और बाक़ी मैचों में इससे बहुत मदद मिलेगी।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए 500 वें ऐतिहासिक टेस्ट मैच 197 रनों से जीता है और तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। टीम इंडिया की ये टेस्ट में 130 वीं जीत है। रविंद्र जडेजा को हरफ़नमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाज़ा गया है।
मैच के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा, ‘इस मैच से अगले मैच के लिए काफी सकारात्मक चीजें हासिल हुई हैं और सबक भी मिले हैं। दो सत्र ऐसे थे जिसमें हमारे हाथों से मैच फिसल गया था और भारत ने इसका पूरा फायदा उठाया। पहली पारी में अगर हम 300 रन बना लेते तो यह अच्छा होता, लेकिन हम लय को कायम नहीं रख सके।
उन्होंने कहा कि भारत ने काफी अच्छी गेंदबाजी की इसलिए इसमें काफी चीजों का संयोजन था, लेकिन दिन के अंत में भारत निश्चित रूप से बेहतर टीम रही। वे काफी शानदार रहे। विशेषकर अंतिम दिन क्योंकि तेज़ी से उछाल ले रही गेंद खेलना आसान नहीं था और वो भी दुनिया के दो बेहतरीन स्पिनरों के खिलाफ। इस लिहाज़ से मिशेल सेंटनर ने बल्ले और गेंद से जो योगदान किया, वो शानदार था। रोंची भी टीम में आने के बाद अच्छा कर रहे हैं। अब यह उबरने का समय है। ये मुश्किल हालात थे और इससे बेहतर तरीके से उबरना और अगले टेस्ट के लिए चुनौती पेश करना अहम है।