1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आस्ट्रेलियाई चुनौती से निबटना आसान नहीं होगा पाक के लिये

आस्ट्रेलियाई चुनौती से निबटना आसान नहीं होगा पाक के लिये

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 14, 2016 11:29 am IST,  Updated : Dec 14, 2016 11:29 am IST

ब्रिस्बेन: आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने कहा कि उनकी टीम तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के कल से शुरू होने वाले पहले दिन रात्रि टेस्ट मैच में पाकिस्तान पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की

Pakistan team arrival in Australia- India TV Hindi
Pakistan team arrival in Australia

ब्रिस्बेन: आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने कहा कि उनकी टीम तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के कल से शुरू होने वाले पहले दिन रात्रि टेस्ट मैच में पाकिस्तान पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की रणनीति अपनायेगी। 

आस्ट्रेलिया ने हाल में श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका से श्रृंखला गंवायी हैं लेकिन बायें हाथ के इस तेज गेंदबाज ने कहा कि पाकिस्तान विदेशी सरजमीं पर जूझता रहा है और उनकी टीम अपने प्रतिद्वंद्वी की इस कमजोरी का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगी। 

पाकिस्तान की टीम आस्ट्रेलिया में इससे पहले 11 श्रृंखलाओं में कभी जीत दर्ज नहीं कर पायी है। उसने यहां पिछली तीन श्रृंखलाएं 3-0 के अंतर से गंवायी हैं। इस तरह से पाकिस्तान ने 1999 के बाद आस्ट्रेलिया में जो नौ टेस्ट मैच खेले हैं उन सभी में उसे हार का सामना करना पड़ा है। 

ब्रिस्बेन पहुंचने से पहले न्यूजीलैंड में खेले गये दोनों टेस्ट मैच भी पाकिस्तान ने गंवाये थे जिससे उसका मनोबल कमजोर है। उसने दोनों मैच बड़े अंतर से गंवाये थे। इनमें हैमिल्टन में खेला गया दूसरा टेस्ट मैच भी शामिल हैं जिसमें पाकिस्तान ने आखिरी सत्र में नौ विकेट गंवा दिये थे। 

स्टार्क को उम्मीद है कि कुछ नये चेहरों वाली स्टीव स्मिथ की अगुवाई वाली टीम घरेलू परिस्थिति का फायदा उठाने में सफल रहेगी। इस टीम ने पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका से तीसरा मैच जीतकर लगातार पांच मैच में हार के सिलसिले को रोका था। 

जहां तक गाबा की बात है तो आस्ट्रेलिया ने 1988 से यहां खेले गये 27 टेस्ट मैचों में से कोई मैच नहीं गंवाया है। दूसरी तरफ पाकिस्तान ने ब्रिस्बेन में चार टेस्ट मैच खेले हैं लेकिन इनमें से उसे किसी में जीत नहीं मिली है। 

स्टार्क ने कहा, पाकिस्तान की टीम न्यूजीलैंड में जूझती रही है और वे स्वदेश से बाहर संघर्ष करते रहे हैं। वे यूएई : जहां पाकिस्तान अपने घरेलू टेस्ट मैच खेलता है : में वास्तव में सहज महसूस करते हैं। 

उन्होंने कहा, इसलिए इस टेस्ट मैच में यह हमारे लिये शुरू में ही दबदबा बनाने का अच्छा मौका होगा। श्रृंखला में पहले टेस्ट मैच में प्रभाव छोड़ने से आगे के मैचों पर भी असर पड़ेगा। 

दक्षिण अफ्रीका के मिकी आर्थर की मौजूदगी से श्रृंखला में अलग तरह का रोमांच भी पैदा हो गया है। तीन साल पहले आस्ट्रेलिया ने उन्हें बर्खास्त करके डेरेन लीमन को कोच बना दिया था और अब आर्थर पाकिस्तान के कोच है। 

अब भी पर्थ में रहने वाले आर्थर के सामने आस्ट्रेलिया में पाकिस्तान की हार का सिलसिला रोकने और उसे आस्ट्रेलियाई सरजमीं पर श्रृंखला जीतने वाली उप महाद्वीप की पहली टीम बनाने की कड़ी चुनौती है। 

इससे पहले भी वह आस्ट्रेलिया को उसकी सरजमीं पर हराने की रणनीति को अंजाम तक पहुंचा चुके हैं। जब वह 2008.09 में दक्षिण अफ्रीका के कोच थे तब उनकी टीम ने आस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया था। 

आर्थर ने कहा, इन खिलाडि़यों के लिये यहां आकर जीत दर्ज करना शानदार होगा। लेकिन हम किसी तरह के भ्रम में नहीं हैं। आस्ट्रेलिया बेहतरीन क्रिकेट टीम है और इन परिस्थितियों में हमारे लिये जीत हासिल करना आसान नहीं है। 

पाकिस्तान की उम्मीदें वहाब रियाज और मोहम्मद आमिर के अगुवाई वाली आक्रमण पर टिकी हैं। 

स्टार्क ने आमिर के बारे में कहा, वह बेहद कुशल गेंदबाज है। विश्व क्रिकेट में हर कोई इस बारे में जानता है। वह अच्छी तेजी से गेंद करता है और स्विंग भी कराता है। वह अपने खेल को अच्छी तरह से समझता है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।