पुणे: युवा बल्लेबाज श्रेयस अयर के शतक की मदद से मुंबई ने रणजी ट्राफी फाइनल में आज यहां बढ़त हासिल की लेकिन सौराष्ट्र ने आखिरी क्षणों में उसे झटके देकर अच्छी वापसी करके मैच को रोमांचक बना दिया। अयर ने 117 रन बनाये और इस बीच सूर्यकुमार यादव (48) के साथ तीसरे विकेट के लिये 152 रन जोड़े। मुंबई ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक आठ विकेट पर 262 रन बनाये हैं और उसे 27 रन की बढ़त मिल गयी है। सौराष्ट्र ने अपनी पहली पारी में 235 रन बनाये थे।
अयर ने अपनी पारी में 142 गेंद खेली तथा 15 चौके और दो छक्के लगाये। स्टंप उखड़ने के समय सिद्वेष लाड 22 और इकबाल अब्दुल्ला नौ रन पर खेल रहे थे। बायें हाथ के तेज गेंदबाज हार्दिक राठौड़ ने 44 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि जयदेव उनादकट ने 55 रन देकर दो विकेट हासिल किये हैं। चिराग जानी ने भी दो विकेट लिये हैं। सौराष्ट्र ने सुबह दो विकेट पर 198 रन से अपनी पारी आगे बढ़ायी। अपना पहला प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे प्रेरक मांकड़ (66) ने अपने कल के स्कोर में 11 रन जोड़े। धवल कुलकर्णी (42 रन देकर पांच विकेट) ने उन्हें आउट करके अपना पांचवां विकेट लिया। उनादकट ने 26 गेंद पर 31 रन बनाये जिसमें दो चौके और इतने ही छक्के शामिल हैं।
मुंबई की शुरूआत भी अच्छी नहीं रही। उनादकट ने उसके दोनों सलामी बल्लेबाज अखिल हेरवादकर (शून्य) और भविन ठक्कर (छह) को जल्दी पवेलियन भेज दिया। इसके बाद जब अयर और सूर्यकुमार यादव खेल रहे थे तो मुंबई बड़ी बढ़त हासिल करने की स्थिति में दिख रहा था। अयर के आउट होने के बाद मुंबई के विकेट नियमित अंतराल में गिरे। कप्तान आदित्य तारे (19) और अभिषेक नायर (19) बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे।