बेंगलुरु: भारतीय क्रिकेट टीम के लिये शानदार वर्ष का अंत सकारात्मक रूप से करते हुए स्टार ऑल राउंडर रविंद्र जडेजा ने आज वादा किया कि वे 2017 में विदेश में खराब प्रदर्शन करने वाली टीम का टैग हटाने की कोशिश करेंगे।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
जडेजा ने जावेन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के मौके पर पत्रकारों से कहा, मैं और मेरी टीम दुनिया में मौजूद अपने प्रशंसकों को वादा करना चाहते हैं कि भारत 2017 में विदेशों में अच्छा प्रदर्शन करेगा। हम विदेश में खराब प्रदर्शन करने वाली टीम का टैग हटाने के लिये प्रतिबद्ध हैं।
जडेजा ने चेन्नई में पांचवें और अंतिम टेस्ट में 48 रन देकर सात विकेट से शानदार प्रदर्शन किया जिससे भारत ने इंग्लैंड को पराजित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के लिये यह वर्ष बहुत बढ़िया रहा है क्योंकि उन्होंने सीरीज के बाद सीरीज अपने नाम की हैं।
भारत ने इस साल खेले 11 टेस्ट में से आठ में जीत दर्ज की है, जिससे टीम ने एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा (2010 में खेले गये 14 मैच में आठ जीत, तीन हार और तीन ड्रॉ) के पिछले रिकॉर्ड की बराबरी है।
जडेजा ने कहा कि मौजूदा टीम ने इतना अच्छा प्रदर्शन इसलिए किया है क्योंकि वे फिटनेस में बहुत अच्छे हैं। उन्होंने कहा, अब खिलाड़ी बहुत फिट हैं और काफी समय जिम में बिताते हैं और यही कारण है कि हम मैदान में फिटनेस के हिसाब से बहुत अच्छे हैं।