लीड्स: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने टेस्ट मैच के दूसरे दिन श्रीलंका के 5 बल्लेबाजों को आउट करके भारतीय तेज गेंदबाज कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ दिया। एंडरसन ने अब तक टेस्ट मैचों में 438 विकेट लिए हैं और इस तरह से वह विकेट लेने की दौड़ में कपिल देव से भी आगे निकल गए हैं। आपको बता दें कि कपिल देव ने टेस्ट मैचों में 434 विकेट लिए हैं।
एंडरसन इंग्लैंड के सबसे सफल और कुल विकेटों के आधार पर दुनिया के छठे सबसे सफल गेंदबाज हैं। अब मुथैया मुरलीधरन (800), शेन वार्न (708), अनिल कुंबले (629), ग्लेन मैक्ग्रा (563) और कर्टनी वॉल्श (519) उनसे आगे रह गए हैं।
एंडरसन ने 16 रन देकर पांच जबकि ब्रॉड ने 21 रन देकर चार विकेट चटकाए जिससे श्रीलंका की टीम पहली पारी में 36.4 ओवर में 91 रन पर ही ढेर हो गई। श्रीलंका की ओर से कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने सर्वाधिक 34 रन बनाए। दूसरी पारी में हालांकि दो ही गेंद फेंकी जा सकी और श्रीलंका ने बिना विकेट खोए एक रन बनाया। दिमुथ करुणारत्ने और कौशल सिल्वा दोनों ने अभी खाता नहीं खोला है। इससे पहले यार्कशर के घरेलू मैदान पर जोनाथन बेयरस्टा के 140 रन की बदौलत इंग्लैंड ने पहली पारी में 298 रन बनाए। श्रीलंका की टीम अब भी 206 रन से पिछड़ रही है।
अगली स्लाइड में पढ़ें और