जॉर्जटाउन: जेसन मोहम्मद की 58 गेंदों में खेली गई नाबाद 91 रनों की पारी के दम पर मेजबान वेस्टइंडीज ने नेशनल स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मैच में पाकिस्तान को 4 विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 308 रन बनाए थे जिसे वेस्टइंडीज ने 49 ओवरों में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। वेस्टइंडीज ने पहली बार वनडे में 300 रनों से ज्यादा का लक्ष्य हासिल किया है।
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पाकिस्तान ने अहमद शहजाद, मोहम्मद हफीज और शोएब मलिक ने अर्धशतक की बदौलत विशाल स्कोर खड़ा किया था। शहजाद (67) और कामरान अकमल (47) ने पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 85 रन जोड़े। इसके बाद हफीज ने बल्लेबाजी की कमान संभाली और 92 गेंदों में 88 रनों की पारी खेली जिसमें 6 चौके और 3 छक्के लगाए। अंत में शोएब मलिक ने 38 गेंदों पर 53 रनों की पारी खेल टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने सर्वोच्च स्कोर की बराबरी पर पहुंचाया। वेस्टइंडीज की तरफ से नर्स ने 4 विकेट लिए जो उनके वनडे करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
जवाब में वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 23 के कुल स्कोर पर चाडविक वॉल्टन पवेलियन लौट गए। इवान लुइस (47) और केरन पावेल (61) ने टीम को संभालते हुए टीम को 91 के स्कोर तक पहुंचा दिया। इसके बाद जेसन ने अपना कमाल दिखाया और पाकिस्तान के गेंदबाजों पर करारे प्रहार जारी रखे। कप्तान जेसन होल्डर के जाने के बाद आए नर्स ने 15 गेंदों में 34 रन बनाते हुए मोहम्मद के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई।