नई दिल्ली: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने पूर्व खिलाड़ी जेरोम जयारत्ने को टीम का नया अंतरिम कोच बनाया है। जयारत्ने वेस्ट इंडीज़ के साथ अक्टूबर-नवंबर में होने वाले सीरीज़ में टीम के कोच रहेंगे।
इसके पहले मार्वन अट्टापट्टू टीम के कोच थे। पाकिस्तान और भारत के ख़िलाफ़ हार के बाद उन्होंने इस्तीफ़ा दे दिया था। ये सिर्फ़ दूसरी बार हुआ है कि श्रीलंका को एक साल में दो घरेलू सीरीज़ में हार झेलनी पड़ी। अट्टापट्टू पिछले साल सितंबर में से श्रीलंकाई टीम के साथ थे और अप्रैल 2014 में उन्हें मुख्य कोच बना दिया गया था। वो 2011 से टीम के बल्लेबाज़ी कोच भी रह चुके हैं।
49 साल के जयारत्ने ने श्रीलंका के लिए कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है लेकिन उन्हें फ़र्स्ट क्लास मैच का अच्छा अनुभव है साथ ही उन्होंने कोचिंग की ट्रेनिंग क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड से ली है।
श्रीलंका में उन्हें कोचिंग करने का बेहतरीन अनुभव भी है। जयारत्ने श्रीलंका क्रिकेट एकेडमी के कोच भी रह चुके हैं और इस दौरान कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आने में सफल रहे। इनमें उपुल थरांगा, चमिरा कपुगेंदरा, दिलरूवन परेरा और अजंता मेंडिस जैसे खिलाड़ी हैं।