1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. के एल राहुल एक सीरीज में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले भारतीय खिलाड़ी बने, जानिए कितने कैच लपके

के एल राहुल एक सीरीज में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले भारतीय खिलाड़ी बने, जानिए कितने कैच लपके

 Reported By: Bhasha
 Published : Sep 10, 2018 11:54 pm IST,  Updated : Sep 10, 2018 11:54 pm IST

 राहुल ने पांचवें टेस्ट मैच की दूसरी पारी में बेन स्टोक्स का कैच लेकर यह रिकॉर्ड बनाया। 

के एल राहुल - India TV Hindi
के एल राहुल 

लंदन: केएल राहुल भारत की तरफ से किसी एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले क्षेत्ररक्षक बन गये हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में 14 कैच लिये जो नया भारतीय रिकॉर्ड है। राहुल ने पांचवें टेस्ट मैच की दूसरी पारी में बेन स्टोक्स का कैच लेकर यह रिकॉर्ड बनाया। उनसे पहले का भारतीय रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम पर था जिन्होंने आस्ट्रेलिया के खिलाफ 2004-05 में चार मैचों में 13 कैच लिये थे। 

किसी क्षेत्ररक्षक का एक सीरीज में सर्वाधिक कैच लेने का विश्व रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जैक ग्रेगरी के नाम पर है जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 1920-21 में एशेज सीरीज (पांच मैच) में 15 कैच लिये थे। राहुल अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ग्रेग चैपल के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं। चैपल ने इंग्लैंड के खिलाफ ही 1974-75 में छह मैचों में 14 कैच लपके थे। 

अपना आखिरी टेस्ट मैच खेल रहे एलिस्टेयर कुक के पास हालांकि नया रिकॉर्ड बनाने का मौका है। वह भारत की दूसरी पारी में तीन कैच लेकर ग्रेगरी का रिकार्ड तोड़ सकते हैं। कुक ने अब तक वर्तमान सीरीज में 13 कैच लिये हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल