1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC वनेडे रैकिंग में कोहली शीर्ष दस में अकेले भारतीय

ICC वनेडे रैकिंग में कोहली शीर्ष दस में अकेले भारतीय

 Written By: Bhasha
 Published : May 30, 2017 06:52 pm IST,  Updated : May 30, 2017 06:52 pm IST

भारतीय कप्तान विराट कोहली देश के अकेले क्रिकेटर हैं जो आईसीसी वनडे खिलाडि़यों की रैंकिंग में शीर्ष दस में शामिल हैं। उन्होंने बल्लेबाजों की सूची में अपना तीसरा स्थान बरकरार रखा है।

Virat-kolhi- India TV Hindi
Virat-kolhi

लंदन: भारतीय कप्तान विराट कोहली देश के अकेले क्रिकेटर हैं जो आईसीसी वनडे खिलाडि़यों की रैंकिंग में शीर्ष दस में शामिल हैं। उन्होंने बल्लेबाजों की सूची में अपना तीसरा स्थान बरकरार रखा है। 

व्यक्तिगत रैंकिंग के लिये कड़ी प्रतिस्पर्धा से आगामी आईसीसी चैंपियन्स ट्राफी के महत्व का पता चलता है क्योंकि इसमें भाग लेने वाले आठ टीमों के खिलाड़ी इसमें शामिल हैं और शीर्ष खिलाडि़यों के बीच बहुत अधिक अंतर नहीं है। 

चोटी के तीन बल्लेबाजों दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स (874 अंक), आस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर (871 अंक) और कोहली (852 अंक) के बीच केवल 22 अंक का अंतर है। 

बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष 20 में रोहित शर्मा (12वें), महेंद्र सिंह धोनी (13वें) और शिखर धवन (15वें) भी शामिल हैं। धवन दो पायदान नीचे खिसके हैं। 

गेंदबाजों की सूची में हालांकि कोई भारतीय शीर्ष दस में शामिल नहीं है। इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के कैगिसो रबादा शीर्ष पर काबिज हैं। 

बायें हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल न्यूजीलैंड के मैट हेनरी के साथ संयुक्त 11वें जबकि अमित मिश्रा 13वें स्थान पर हैं। ये दोनों ही चैंपियन्स ट्राफी के लिये भारतीय टीम में शामिल नहीं हैं। रविचंद्रन अश्विन संयुक्त 18वें स्थान पर हैं। 

चोटी के तीन गेंदबाजों रबादा (724 अंक), इमरान ताहिर (722) और मिशेल स्टार्क (701) के बीच केवल 23 अंकों का अंतर है।

भारत, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के चार . चार बल्लेबाज जबकि न्यूजीलैंड के तीन तथा आस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के दो . दो बल्लेबाज शीर्ष 20 में शामिल हैं। 
इसी तरह से गेंदबाजों में बांग्लादेश और इंग्लैंड के तीन . तीन जबकि न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और आस्ट्रेलिया के दो . दो गेंदबाज शीर्ष 20 में शामिल हैं। 

आलराउंडरों की सूची में बांग्लादेश के शाकिब अल हसन शीर्ष पर काबिज हैं। इंग्लैंड के तीन खिलाड़ी इस सूची में शीर्ष दस में शामिल हैं। 

इंग्लैंड को दक्षिण अफ्रीका पर श्रृंखला में जीत से दो अंकों का फायदा हुआ। टीम रैंकिंग में भी चोटी की टीमों के बीच बहुत अधिक अंतर नहीं है और इससे पता चलता है कि चैंपियन्स ट्राफी में मुकाबला काफी कड़ा होगा। 

वनडे की चोटी की पांच टीमों में दक्षिण अफ्रीका (122 अंक), आस्ट्रेलिया (118), भारत (117), न्यूजीलैंड (114) और इंग्लैंड (112) के बीच अधिक अंतर नहीं है और वे एक दूसरे को पीछे छोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। 

उदाहरण के लिये आस्ट्रेलिया और भारत अगर लीग चरण के अपने तीनों मैच जीत लेते हैं और दक्षिण अफ्रीका अपने तीनों मैच हार जाता है तो वे अगली रैंकिंग अपडेट में दक्षिण अफ्रीका को पीछे छोड़ सकते हैं। 

दक्षिण अफ्रीका, आस्ट्रेलिया, भारत और न्यूजीलैंड पहले भी इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीत चुके हैं जबकि पिछली बार फाइनल में पहुंचने वाला इंग्लैंड इस बार अपनी घरेलू परिस्थितियों में खिताब जीतने की कोशिश करेगा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला में जीत से उसका मनोबल बढ़ा है। 

एक से 18 जून तक चलने वाले टूर्नामेंट में बांग्लादेश, श्रीलंका और पाकिस्तान जैसी टीमों को टीम रैंकिंग में अपनी स्थिति सुधारने का मौका मिलेगा क्योंकि इंग्लैंड तथा सात अन्य चोटी की टीमों को आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 में सीधा प्रवेश मिलेगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल