टेस्ट सिरीज़ के चौथे और निर्णायक मैच में कप्तान विराट कोहली के खेलने को लेकर स्सपेंस बरक़रार है। शुक्रवार को कोहली ने कहा कि शत प्रतिशत फ़िट होने पर ही वह धर्मशाला टेस्ट में खेलेंगे। कोहली को रांची टेस्ट में फ़ील्डिंग करते समय कंधे पर चोट लग गई थी जिससे वह अभी तक उबरे नही हैं।
कोहली ने मैच पूर्व प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा, "मैं सौ प्रतिशत फिट होने की स्थित में ही खेलुंगाI मैं फ़ीज़ियों (पैट्रिक फ़ारहार्ट) के साथ अपनी फिटनेस का जायज़ा लुंगा। मेरे खेलने या न खेलने पर आज रात को या फिर कल सुबह फ़ैसला किया जाएगा।"
गुरुवार को टीम इंडिया ने अभ्यास किया था लेकिन कोहली ने नेट्स पर बैटिंग नही की। उनके कंधे पर पट्टी बंधी हुई है। कोहली की फिटनेस को लेकर तब और अटकलें लगने लगी जब मुंबई के युवा बल्लेबाज़ को अचानक धर्मशाला बुलाया गया।
कोहली की चोट न सिर्फ मैदान में चिंता का विषय थी बल्कि मैदान के बाहर भी मुद्दा बन गई थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने चोट को लेकर फब्तियां कसी थी जिसका कोहली ने भी माक़ूल जवाब दिया।
बेंगलोर में DRS विवाद के बाद कोहली की चोट इस दौरे पर सबसे ज़्यादा चर्चा का विषय बनी हुई है।