1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कोलकाता ODI: जीत की दहलीज तक पहुंचा कर चूके जाधव, भारत हारा

कोलकाता ODI: जीत की दहलीज तक पहुंचा कर चूके जाधव, भारत हारा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 22, 2017 09:43 pm IST,  Updated : Jan 22, 2017 09:43 pm IST

भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में इंग्लैंड ने भारत को 5 रन से हरा दिया। केदार जाधव ने भारत के लिए शानदार पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत दिला पाने में नाकाम रहे।

Kedar Jadhav | AP Photo- India TV Hindi
Kedar Jadhav | AP Photo

कोलकाता: भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में इंग्लैंड ने भारत को 5 रन से हरा दिया। केदार जाधव ने भारत के लिए 75 गेंद में 90 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत दिला पाने में नाकाम रहे। हालांकि हार के बावजूद भारत ही इस सीरीज का विजेता रहा जिसने पहले ही 2-0 की बढ़त बना ली थी। भारत ने यह सीरीज 2-1 से जीती हालांकि क्लीन स्वीप करने का उसका सपना पूरा नहीं हो सका।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

322 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। 37 रन के कुल स्कोर तक टीम के दोनों ओपनर्स, अजिंक्य रहाणे (1) और लोकेश राहुल (11), वापस पवेलियन पहुंच चुके थे। इसके बाद  कप्तान विराट कोहली और युवराज सिंह ने भारतीय पारी को संभलकर आगे बढ़ाया। टीम का स्कोर अभी 102 रन ही हुआ था कि कोहली (55) स्टोक्स की गेंद पर बटलर को कैच दे बैठे। उनके जाने के कुछ देर बाद ही युवराज सिंह (45) भी चलते बने। महेंद्र सिंह धोनी (25) के आउट होते ही भारतीय टीम का स्कोर 5 विकेट पर 173 रन हो गया और यहां से जीत दूर नजर आने लगी।

Hardik Pandya | AP Photo
Hardik Pandya | AP Photo

हार्दिक पांड्या। (AP फोटो)

लेकिन इसके बाद केदार जाधव और हार्दिक पांड्या ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी शुरू की और भारत की उम्मीदें एक बार फिर से जिंदा हो गईं। इन दोनों ही बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 83 गेंदों में 104 रन की पार्टनरशिप की। अपना अर्धशतक पूरा करने के कुछ देर बाद ही पांड्या (56) आउट हो गए। पांड्या के जाने के बाद जडेजा (10) और अश्विन (1) भी जल्दी ही आउट हो गए, लेकिन जाधव ने भुवनेश्वर कुमार के साथ मिलकर भारत को जीत की दहलीज तक ले गए। हालांकि वह आखिरी ओवर में 90 रन बनाकर आउट हो गए और इसके बाद भारत को जीत के लिए 1 गेंद पर 6 रन बनाने थे। भुवनेश्वर कुमार आखिरी गेंद पर रन बनाने में नाकाम रहे और इंग्लैंड ने यह मैच 5 रन से जीत लिया।  इंग्लैंड की तरफ से बेन स्टोक्स ने 3, जेक बॉल और क्रिस वोक्स ने 2-2, जबकि लियाम प्लंकेट और डेविड विली ने एक-एक विकेट लिया।

Team India | AP
Team India | AP

बटलर के आउट होने का जश्न मनाते टीम इंडिया के खिलाड़ी। (AP फोटो)

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत काफी अच्छी रही। इंग्लैंड के ओपनर्स ने पहले विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी की। इंग्लैंड का पहला विकेट सैम बिलिंग्स के रूप में गिरा जो 35 रन की पारी खेलने के बाद रवींद्र जडेजा की गेंद पर जसप्रीत बुमराह को कैच दे बैठे। उनके जाने के कुछ देर बाद ही इंग्लैंड के दूसरे सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय (65) भी चलते बने। रॉय के जाने के बाद जॉनी बेयरस्टो और कप्तान इयॉन मॉर्गन ने पारी को आगे बढ़ाया और 194 रन तक ले गए। यह साझेदारी ज्यादा लंबी होती इसके पहले ही हार्दिक पांड्या ने मॉर्गन (43) को बुमराह के हाथों कैच करा दिया। थोड़ी देर बाद जोस बटलर (11) भी पांड्या की गेंद पर राहुल को कैच दे बैठे।

Ben Stokes | AP Photo
Ben Stokes | AP Photo

बेन स्टोक्स। (AP फोटो)

212 रन पर 4 विकेट खोने के बाद इंग्लैंड संकट में फंस गया। अभी स्कोर 237 रन पर ही पहुंचा था कि बेयरस्टो (56) ने भी पवेलियन की राह पकड़ ली। उनके जाने के कुछ देर बाद ही मोईन अली (2) भी आउट हो गए। इंग्लैंड की टीम के लिए अब 300 रन के स्कोर तक पहुंचना भी मुश्किल लग रहा था लेकिन धुआंधार बल्लेबाजी कर रहे बेन स्टोक्स (57 नॉटआउट) और क्रिस वोक्स (34) ने अच्छी साझेदारी करते हुए इंग्लैंड की पारी को 300 के पार पहुंचा दिया। लियाम प्लंकेट 1 रन बनाकर पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए। इंग्लैंड ने इस तरह 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 321 रन बनाए। भारत की तरफ से हार्दिक पांड्या ने 10 ओवर में 49 रन देकर 3 विकेट जबकि जडेजा ने 10 ओवर में 62 रन देकर 2 विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह को एक विकेट मिला।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल