1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कोलकाता टेस्ट: NZ की पहली पारी 204 रनों पर सिमटी, Ind को 112 रनों की बढ़त

कोलकाता टेस्ट: NZ की पहली पारी 204 रनों पर सिमटी, Ind को 112 रनों की बढ़त

 Written By: IANS
 Published : Oct 02, 2016 01:26 pm IST,  Updated : Oct 02, 2016 01:26 pm IST

भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत यहां ईडन गार्डन्स क्रिकेट स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को न्यूजीलैंड की पहली पारी को 204 रनों पर समेट दिया।

kolkata test newzealand bowled out for 204 - India TV Hindi
kolkata test newzealand bowled out for 204

कोलकाता: भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत यहां ईडन गार्डन्स क्रिकेट स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को न्यूजीलैंड की पहली पारी को 204 रनों पर समेट दिया। इसके साथ ही भारत ने कीवी टीम पर 112 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।

मेजबान टीम के 316 रनों के जवाब में न्यूजीलैंड अपनी पहली पारी में सभी विकेट गंवाकर केवल 204 रन ही बना सकी। कीवी टीम के लिए जीतन पटेल (47), रॉस टेलर (36) और ल्यूक रोंची (35) ने सबसे अधिक रन बनाए।

भारत के लिए भुवनेश्वर कुमार ने सबसे अधिक पांच विकेट चटकाए, जबकि मोहम्मद समी ने तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा रवींद्र जड़ेजा और रविचंद्रन अश्विन को एक-एक सफलता हासिल हुई।

इससे पहले न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन (शनिवार) का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में सात विकेट के नुकसान पर 128 रन बनाए थे। अपनी पहली पारी को आगे खेलने उतरी कीवी टीम तीसरे दिन संघर्ष दिखाते हुए अपने खाते में केवल 76 रन ही जोड़ पाई।

कीवी टीम को दिन का पहला झटका पटेल के रूप में लगा। पटेल को अश्विन ने समी के हाथों कैच आउट करा पवेलियन भेजा। इससे पहले पटेल ने बी जे वॉटलिंग (25) के साथ आठवें विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की।

पटेल के जाने के बाद वॉटलिंग भी अधिक समय तक टिक नहीं पाए और 187 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गए। टीम के लिए 10वें विकेट के लिए नील वेगनर (10) और ट्रेंट बाउल्ट (नाबाद 6) ने 17 रनों की साझेदारी कर न्यूजीलैंड का स्कोर 204 रनों तक पहुंचाया। समी ने वेगनर को पगबाधा आउट पर कीवी टीम की पारी को समेट दिया।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल