क्राइस्टचर्च: सलामी बल्लेबाज टाम लैथम की करियर की सर्वश्रेष्ठ 137 रन की पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आज यहां सात विकेट पर 341 रन बनाए।
लैथम 47 ओवर से अधिक समय तक क्रीज पर डटे रहे और उन्होंने 121 गेंद की अपनी पारी में चार छक्के और सात चौके मारे। कोलिन मुनरो ने भी 87 रन की पारी खेली और इस दौरान लैथम के साथ पांचवें विकेट के लिए 158 रन जोड़कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
न्यूजीलैंड ने टास जीतकर बल्लेबाजी का फैसले करने के बाद अच्छी गति से रन बनाए लेकिन शीर्ष क्रम में किसी ने भी लैथम का लंबा साथ नहीं निभाया। मार्टिन गुप्टिल ने एक छक्का और चौका जड़ा लेकिन सिर्फ 15 रन बनाने के बाद मुस्तफिजुर रहमान की धीमी गेंद पर मिड आफ पर सौम्य सरकार को कैच दे बैठे। कप्तान विलियमसन 31 रन बनाने के बाद तास्किन अहमद का शिकार बने जबकि नील ब्रूम (22) भी अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। जिमी नीशाम जब 28वें ओवर में पवेलियन लौटे तो टीम का स्कोर चार विकेट पर 158 रन हो गया।
लैथम और मुनरो ने इसके बाद टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया। साकिब अल हसन ने मुनरो को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। मुनरो ने 61 गेंद की अपनी पारी के दौरान आठ चौके और चार छक्के मारे। लैथम ने इस दौरान 110 रन के अपने सर्वश्रेष्ठ स्कोर को पीछे छोड़ा जो उन्होंने पिछले साल जिंबाब्वे के खिलाफ बनाया था। वह अंतत: 48वें ओवर में मुस्तफिजुर की गेंद पर विकेटकीपर मुशफिकुर रहमान को कैच दे बैठे।
बांग्लादेश की ओर से साकिब ने 69 रन देकर तीन जबकि मुस्तफिजुर और तास्किन ने दो-दो विकेट चटकाए।