कोलकाता: कोलकाता नाइट राइडर्स के लेग स्पिनर पीयूष चावला ने कहा है कि IPL में गुजरात लायंस को ईडन गार्डन के नये विकेट पर गेंदबाजी का फायदा मिला जिसकी बदौलत उसने पांच विकेट से जीत दर्ज की। चावला ने कल की हार के बाद कहा , विकेट अच्छा था और पिछली रात हुई बारिश के बाद यह ताजा था। पहली पारी में सीम गेंदबाजों को मदद भी मिली। उन्होंने कहा , हमने शुरूआती विकेट जल्दी गंवा दिये लेकिन फिर वापसी की। उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की। मुझे नहीं लगता कि हमने ज्यादा गलतियां की । फर्क इतना ही है कि उन्होंने बेहतर क्रिकेट खेली । केकेआर के सबसे सफल गेंदबाज सुनील नारायण लगातार दूसरे मैच में बाहर रहे लेकिन चावला ने कहा कि हाथ में चोट के कारण वह नहीं खेल पा रहे हैं। उन्होंने कहा वह पूरी तरह फिट नहीं है । उनकी उंगली में चोट है। हमें इंतजार करना होगा।
उधर गुजरात लायंस के तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार ने कहा कि उनकी टीम ईडन गार्डन पर सीमिंग विकेट मिलने से हैरान थी और इसका पूरा फायदा उठाकर उसने कोलकाता नाइट राइडर्स पर पांच विकेट से जीत दर्ज की। अपनी धीमी और टर्निंग विकेट के लिये मशहूर ईडन की पिच कल तेज गेंदबाजों की मददगार थी जिस पर प्रवीण ने 19 रन देकर दो विकेट लिया। केकेआर चार विकेट पर 158 रन ही बना सकी जिसे गुजरात लायंस ने 18 ओवर में हासिल कर लिया। प्रवीण ने कहा , हम विकेट देखकर हैरान थे। हमें टर्निंग विकेट मिलने की उम्मीद थी। विकेट में शुरूआत में थोड़ी नमी थी और घास होने से काफी फर्क पैदा हुआ। हमने सही दिशा में गेंदबाजी की और शुरूआती सफलता पाई। उन्होंने इस बात से इनकार किया कि टीम की जीत में टास की भूमिका अहम थी । उन्होंने कहा , टास का उतना असर नहीं पड़ा । आपको अपना शत प्रतिशत देना ही होता है । यदि आप अच्छा खेलेंगे तो अंकतालिका में उपर रहेंगे जैसा कि सनराइजर्स ने किया । यह पूछने पर कि क्या भारतीय टीम में वापसी पर उनकी नजरें हैं, प्रवीण ने कहा , मेरा सीधा सा सिद्धांत है । मैं अपने प्रदर्शन और मेहनत पर ध्यान देता हूं । दूसरे क्या कहते हैं या करते हैं, उसकी परवाह नहीं करता ।