न्यूजीलैंड के अनुभवी बल्लेबाज रॉस टेलर के जुझारू शतक के दम पर मेजबानों ने तीन वनडे मैच की सीरीज का पहला मुकाबला 4 विकेट से जीत लिया है। 348 रनों का पीछा करते हुए न्यूजीलैं के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल (32) और हेनरी निकोल्स (78) ने अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 85 रन जोड़े। इसके बाद कप्तान टॉम लैथम (69) और रॉस टेलर की शतकीय पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने यह मैच जीता। इस सीरीज में अब न्यूजीलैंड ने 1-0 की बढ़त बना ली है।
इससे पहले श्रेयस अय्यर के करियर के पहले शतक के अलावा कप्तान विराट कोहली और लोकेश राहुल के अर्धशतकों के दम पर भारत ने बुधवार को यहां सेडन पार्क मैदान पर खेले जा रहे पहले वनडे मैच में न्यूजीलैंड के सामने 348 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। अय्यर ने मुश्किल समय में आते हुए कप्तान के साथ बेहतरीन साझेदारी की और 107 गेंदों पर 103 रनों की पारी खेली। कप्तान कोहली ने उनका अच्छा साथ देते हुए 51 और राहुल ने नाबाद 88 रन बना भारत को 50 ओवरों में चार विकेट पर 347 रनों के स्कोर तक पहुंचाया।
हैमिल्टन में खेले जा रहे पहले वनडे मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, भारत की तरफ से दो नए सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल और पृथ्वी शॉ अपना डेब्यू मैच खेल रहे हैं। पिछले साल हुए विश्व के बाद भारतीय टीम के लिए यह तीसरी एकदिवसीय श्रृंखला है। टीम ने इससे पहले वेस्टइंडीज (विदेशी सरजमीं पर) और घरेलू श्रृंखला में आस्ट्रेलिया को मात दी है। न्यूजीलैंड की टीम विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मिली शिकस्त के बाद पहली बार एकदिवसीय मुकाबले खेल रही है। पिछली बार एकदिवसीय प्रारूप में इन दोनों टीमों का जब सामना हुआ था तब न्यूजीलैंड ने मैनचेस्टर में खेले गये विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत को 18 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर किया था। भारत ने हालांकि उस हार का बदला रविवार को समाप्त हुए टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला को 5-0 से जीत कर लिया।
भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला वनडे मैच हाइलाइट्स
IND 347/4 (50.0)
NZ 348/6 (48.1)*