नयी दिल्ली: उच्चतम न्यायालय द्वारा बीसीसीआई अध्यक्ष और सचिव को हटाये जाने के बाद बोर्ड के सीनियर उपाध्यक्ष गोकाराजू गंगराजू ने आज साफ तौर पर कहा कि उनका आंध्र क्रिकेट संघ तुरंत प्रभाव से लोढा समिति के सुझाव लागू करेगा।
गंगराजू ने कहा , इसमें कोई संदेह नहीं कि यह उच्चतम न्यायालय का फैसला है। आंध्र क्रिकेट संघ का अध्यक्ष होने के नाते हम तुरंत प्रभाव से सारे सुझाव लागू करेंगे। यदि हमें विश्राम की अवधि (कूलिंग आफ पीरियड) में जाना पड़े तो हम जायेंगे। भारतीय क्रिकेट को आगे बढना चाहिये।
ऐसी अटकलें हैं कि वह अंतरिम अध्यक्ष पद की दौड़ में है।
उन्होंने कहा, मुझे अभी इस पर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। डीडीसीए के सी के खन्ना भी सीनियर उपाध्यक्ष हैं लेकिन यह अस्थायी पद ही होगा क्योंकि मुझे विश्राम की अवधि में जाना होगा। यदि मुझे कोई जिम्मेदारी दी गई तो मैं पूरी ईमानदारी से उसका निर्वाह करूंगा।
यह पूछने पर कि अभी तक आंध्र क्रिकेट संघ ने लोढा समिति के सुझाव लागू क्यों नहीं किये, उन्होंने कहा, क्योंकि अभी तक हर कोई साथ था लेकिन अब फैसला आने के बाद लागू नहीं करने का कोई कारण नहीं है। हम लंबे समय से बीसीसीआई में है और हमें पता है कि प्रशासन कैसे चलाना है।