1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 2 और 3 जनवरी के बाद काफी चीजें बदल जाएंगी: अनुराग ठाकुर

2 और 3 जनवरी के बाद काफी चीजें बदल जाएंगी: अनुराग ठाकुर

 Written By: IANS
 Published : Dec 23, 2016 06:39 pm IST,  Updated : Dec 23, 2016 06:39 pm IST

देश की सर्वोच्च अदालत द्वारा गलत बयान देने के आरोप लगाने की आशंका से घिरे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि आने वाले साल में 2 और 3 जनवरी के बाद काफी चीजें बदल जाएंगी।

Anurag Thakur | PTI File Photo- India TV Hindi
Anurag Thakur | PTI File Photo

नई दिल्ली: देश की सर्वोच्च अदालत द्वारा गलत बयान देने के आरोप लगाने की आशंका से घिरे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि आने वाले साल में 2 और 3 जनवरी के बाद काफी चीजें बदल जाएंगी। शीर्ष अदालत 3 जनवरी को मामले की अगली सुनवाई के लिए बैठेगी।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

ठाकुर ने प्रो रेसलिंग लीग (PWL) की फ्रेंचाइजी दिल्ली सुल्तान के नाम की घोषणा और लोगो के अनावरण के मौके पर कहा, ‘2 या 3 जनवरी तक सब कुछ साफ हो जाएगा। हम सिर्फ यही कह सकतें हैं कि हम जिन परिस्थितियों से गुजरे हैं, वे क्रिकेट और क्रिकेट खिलाड़ियों के हित में नहीं हैं, लेकिन यह जीवन का हिस्सा है। हमें कुछ मौकों पर कुछ परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है लेकिन मुझे उम्मीद है कि सब कुछ ठीक होगा। इसलिए 2 और 3 जनवरी का इंतजार करें।’

शीर्ष अदालत ने 15 दिसंबर को हुई सुनवाई में कहा था कि ऐसा लगता है कि ठाकुर ने गलत बयान दिया है। अदालत को बताया गया था कि ठाकुर ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से यह पूछने के मामले में कि लोढ़ा समिति की सिफारिशें किस तरह बोर्ड के काम में हस्तक्षेप कर रही हैं, गलत बयान दिया है। ठाकुर ने हालांकि इस मुद्दे पर चुप्पी साधे रखी और कहा, ‘मेरा मानना है कि हम सभी को 2 और 3 जनवरी का इंतजार करना चाहिए। इसके बाद कई चीजें बदल जाएंगी।’

ठाकुर ने ICC द्वारा भारत के टेस्ट कप्तान विराट कोहली को ICC की टेस्ट टीम की कमान न देने के फैसले पर निराशा जताई है और कहा कि अब समय आ गया है कि क्रिकेट की शीर्ष संस्था प्रदर्शन के आंकलन की समयसीमा में बदलाव करे। उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि ICC को कुछ चीजों में बदलाव के बारे में निश्चित ही सोचना चाहिए। यह हर साल जनवरी से जनवरी (न कि सितंबर से सितंबर के बीच) होना चाहिए ताकि मौजूदा फॉर्म को संज्ञान में लिया जा सके। भारत नंबर एक टीम है और उसके कप्तान को ICC की साल की टेस्ट टीम की कमान नहीं दी गई। ICC को इस बात पर ध्यान देना चाहिए और मैं आश्वस्त हूं कि वह ऐसा करेंगे।’

ICC वर्किंग ग्रुप का हिस्सा न होने के बाद भी एशियन क्रिकेट परिषद (ACC) की बैठक में जाने के बारे में ठाकुर ने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारतीय बोर्ड को कोई भी नजरअंदाज नहीं कर सकता। उन्होंने कहा, ‘वैश्विक क्रिकेट के स्तर पर कोई भी भारत को नकारने का खतरा नहीं उठा सकता। अगर किसी के दिमाग में यह बात है तो वह इसे भूल ही जाए। वैश्विक क्रिकेट को भारत की जरूरत है और BCCI इसमें महत्वपूर्ण रोल अदा करता है। ACC यह समझती है और इसीलिए उसके सदस्य भारत के साथ खड़े हैं और उनका कहना है कि एशिया में क्रिकेट के विकास के लिए वे भारत की भागीदारी चाहते हैं।’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल