1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लियोन के तीन विकेट से पाकिस्तान मुश्किल में

लियोन के तीन विकेट से पाकिस्तान मुश्किल में

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 30, 2016 11:41 am IST,  Updated : Dec 30, 2016 11:41 am IST

मेलबर्न: नाथन लियोन ने तीन अहम विकेट चटकाकर अपने आलोचकों को शांत किया जिससे आस्ट्रेलिया ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन आज यहां पाकिस्तान के खिलाफ जीत की उम्मीद जीवंत रखी। कप्तान

 nathan-lyon- India TV Hindi
nathan-lyon

मेलबर्न: नाथन लियोन ने तीन अहम विकेट चटकाकर अपने आलोचकों को शांत किया जिससे आस्ट्रेलिया ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन आज यहां पाकिस्तान के खिलाफ जीत की उम्मीद जीवंत रखी। कप्तान स्टीव स्मिथ के प्रदर्शन में निरंतरता पर सवाल उठाने के बाद आफ स्पिनर लियोन ने तीन गेंद में दो विकेट चटकाए जिससे पाकिस्तान की टीम चाय तक पांच विकेट 91 रन पर गंवाने के बाद संकट में थी। 

लियोन ने अनुभवी बल्लेबाज यूनिस खान (24) को शार्ट लेग पर पीटर हैंड्सकोंब के हाथों कैच कराने के बाद पाकिस्तान के कप्तान मिसबाह उल हक (00) को भी पवेलियन भेजा। मिसबाह लियोन की गेंद को स्वीप करने की कोशिश में शार्ट फाइन लेग पर निक मेडिनसन को कैच दे बैठे। 

लियोन ने चाय से ठीक पहले फार्म में चल रहे असद शाफिक (16) को मिड आफ पर हैंड्सकोंब के हाथों कैच कराके पाकिस्तान को पांचवां झटका दिया। मिशेल स्टार्क ने लंच के बाद पहली ही गेंद पर बाबर आजम (03) को पगबाधा करके सत्र में आस्ट्रेलिया की शानदार शुरूआत की। 

चाय के समय पहली पारी में दोहरा शतक जड़ने वाले अजहर अली 34 जबकि सरफराज अहमद एक रन बनाकर खेल रहे थे। पाकिस्तान की टीम अब भी 90 रन से पीछे है। 

आस्ट्रेलिया को लंच से पहले चार ओवर गेंदबाजी का मौका मिला जिसमें दूसरे ओवर में ही जोस हेजलुवड ने समी असलम (02) को बोल्ड किया। 

इससे पहले स्मिथ ने लंच से ठीक पहले पारी घोषित करके वर्षा से प्रभावित मैच में नतीजे की उम्मीद जगाई। स्मिथ ने 246 गेंद में नाबाद 165 रन की पारी खेलने के बाद उस समय पारी घोषित की जब टीम का स्कोर आठ विकेट पर 624 रन था। पाकिस्तान ने पहली पारी नौ विकेट पर 443 रन पर घोषित दी थी जिससे आस्ट्रेलिया को 181 रन की बढ़त मिली। 

आस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज स्टार्क ने भी 91 गेंद में 84 रन की तूफानी पारी खेली। स्टार्क ने अपनी पारी में सात छक्के मारे जो मेलबर्न में एक टेस्ट पारी में रिकार्ड है। उन्होंने इसमें से पांच छक्के लेग स्पिनर यासिर शाह पर जड़े। 

स्टार्क ने 69 गेंद में अपना आठवां टेस्ट शतक पूरा किया। उन्हें 51 रन पर जीवनदान भी मिला जब अजहर की गेंद पर लांग आफ पर सोेहेल खान ने उनका कैच टपकाया। उन्होंने इसके बाद अजहर पर लगातार दो छक्के मारे। वह अंतत: सोहेल की गेंद पर असद शाफिक को कैच देकर पवेलियन लौटे। स्टार्क ने स्मिथ के साथ 172 गेंद में सातवें विकेट के लिए 154 रन जोड़े। 

स्मिथ ने लियोन (12) के आउट होते की पारी घोषित की। स्मिथ ने करियर के 17वें और साल के चौथे शतक के दौरान 13 चौके और एक छक्का मारा। उन्होंने साल में 71 . 93 के औसत से 1079 रन बनाए। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल