साउथम्पटन: मैन आफ द मैच मैथ्यू वेड की नाबाद 71 रन की पारी और बाद में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से विश्व चैंपियन आस्ट्रेलिया ने कल यहां इंग्लैंड को पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 59 रन से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बनायी।
टास जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिये उतरे आस्ट्रेलिया ने बीच में 29 रन के अंदर चार विकेट गंवाये और 37वें ओवर में उसका स्कोर छह विकेट पर 193 रन था लेकिन विकेटकीपर बल्लेबाज वेड और आलराउंडर मिशेल मार्श : नाबाद 40 : ने 13 ओवर में 112 रन की अटूट साझेदारी की जिससे आस्ट्रेलिया छह विकेट पर 305 रन बनाने में सफल रहा। इंग्लैंड की तरफ से लेग स्पिनर आदिल राशिद ने 59 रन देकर चार विकेट लिये।
विश्व कप में आस्ट्रेलिया के हाथों 111 रन से हारने वाले इंग्लैंड ने अच्छी शुरूआत की और एक समय उसका स्कोर चार विकेट पर 194 रन था लेकिन इसी स्कोर पर तीन विकेट गंवाने से वह उबर नहीं पाया और आखिर में 45 . 3 ओवर में 246 रन पर आउट हो गया।
इंग्लैंड की तरफ से सलामी बल्लेबाज जैसन राय ने सर्वाधिक 67 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका में जन्में इस बल्लेबाज का वनडे में यह पहला अर्धशतक है। जेम्स टेलर ने 49 और कप्तान इयोन मोर्गन ने 38 रन का योगदान दिया। आस्ट्रेलिया की तरफ से शेन वाटसन, नाथन कूल्टर नाइल, पैट कमिन्स और मिशेल स्टार्क ने दो . दो विकेट लिये जबकि मिशेल मार्श और ग्लेन मैक्सवेल ने एक . एक विकेट हासिल किया।
मोर्गन ने बाद में कहा, हमने बीच के दस . 15 ओवरों में मैच गंवाया जब आस्ट्रेलिया ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की। हमारी शुरूआत बहुत अच्छी रही। हमें वैसी शुरूआत मिली थी जैसी 305 रन के लक्ष्य का पीछा करने के लिये चाहिए थी।