1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन से पुजारा को मिल सकता है ए प्लस अनुबंध

ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन से पुजारा को मिल सकता है ए प्लस अनुबंध

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 04, 2019 07:32 pm IST,  Updated : Jan 04, 2019 10:08 pm IST

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन कर रहे चेतेश्वर पुजारा को बीसीसीआई ए प्लस करार दे सकता है। पुजारा ने सात पारियों में 74.42 की औसत से 521 रन बनाये।

Cheteshwar Pujara- India TV Hindi
Cheteshwar Pujara Image Source : GETTY IMAGES

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन कर रहे चेतेश्वर पुजारा को बीसीसीआई ए प्लस करार दे सकता है। पुजारा ने सात पारियों में 74.42 की औसत से 521 रन बनाये।

 
उनके प्रदर्शन के दम पर भारत ऑस्ट्रेलिया में पहली श्रृंखला जीतने के करीब पहुंच गया है। ऐसा समझा जाता है कि प्रशासकों की समिति के प्रमुख विनोद राय चयन समिति के प्रमुख एमएसके प्रसाद और टीम प्रबंधन (कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री) के सामने यह प्रस्ताव रखेंगे।
 
ए प्लस वर्ग में कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार और शिखर धवन है। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा,‘‘पुजारा को शानदार प्रदर्शन का ईनाम मिलना चाहिये। सीओए प्रमुख टीम प्रबंधन और मुख्य चयनकर्ता से इस पर बात करेंगे कि क्या सभी प्रारूपों के विशेषज्ञों के लिये ए प्लस श्रेणी में नियम में कुछ रियायत हो सकती है।’’
 
उन्होंने कहा,‘‘पुजारा को शीर्ष श्रेणी में लाने से युवाओं को संदेश जायेगा कि टेस्ट क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन को प्राथमिकता मिलेगी।’’
 
यह पूछने पर कि यदि राय द्वारा प्रस्ताव रखे जाने पर सीओए सदस्य डायना एडुल्जी इसका विरोध करती हैं तो क्या होगा, अधिकारी ने टिप्पणी से इनकार कर दिया।
 
टेस्ट विशेषज्ञ पुजारा को पिछले चार पांच साल से किसी आईपीएल टीम ने नहीं खरीदा है। नये केंद्रीय अनुबंध में ऋषभ पंत को भी जगह मिल सकती है जो अब टेस्ट में विकेटकीपर के रूप में पहले विकल्प हैं। उन्हें इस साल अनुबंध नहीं दिया गया।
 
उधर बीसीसीआई ने भारतीय महिला टीम के नये कोच डब्ल्यूवी रमन के साथ करार कर लिया। एडुल्जी ने इसका विरोध किया था लेकिन आज औपचारिकतायें पूरी कर ली गई । 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल