मोहाली: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन आज भारतीय टीम पहली पारी में 201 रन पर आउट हो गई ।
मुरली विजय ने सर्वाधिक 75 रन बनाये । दक्षिण अफ्रीका के लिये डीन एल्गर ने चार विकेट लिये जबकि वेर्नोन फिलैंडर और इमरान ताहिर को दो दो विकेट मिले ।
इसके पहले डीन एल्गर (22/4) के नेतृत्व में दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए मैच के शुरुआती दो सत्रों में भारत के 168 रनों पर भारत के सात अहम विकेट झटके थे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहले सत्र के 27 ओवरों में 3.03 के धीमे औसत से रन बटोरे और फिर दूसरे सत्र में भी अमूमन उसका यही औसत रहा। रवींद्र जडेजा 26 और रविचंद्रन अश्विन चार रन बनाकर नाबाद थे। जडेजा ने 55 गेदों का सामना कर तीन चौके लगाए हैं।
लेकिन चाय के बाद जडेजा(38) भी आउट हो गए। इसके बाद बाकी के बल्लेबाज़ कुछ ख़ास नहीं कर सके।
इसके पहले पीसीए मैदान पर ही अपने करियर का आगाज करते हुए आस्ट्रेलिया के खिलाफ तेज शतक लगाने वाले धवन शून्य के कुल योग पर वेरनान फिलेंडर की गेंद पर हाशिम अमला के हाथों स्लिप में लपके गए।
इसके बाद पुजारा और विजय ने दूसरे विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी की। यह जोड़ी अच्छा खेल रही थी लेकिन डीन एल्गर ने पुजारा को पगबाधा आउट कर भारत को दूसरा झटका दिया। पुजारा ने 66 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके लगाए।
पुजारा का विकेट 63 के कुल योग पर गिरा। उनका स्थान लेने आए कप्तान कोहली अपने जन्मदिन को खास नहीं बना सके और चार गेंदों का सामना कर अपना पहला टेस्ट खेल रहे कागिसो राबाडा की गेंद पर एल्गर के हाथों कैच हुए।
कोहली के आउट होने के बाद रहाणे ने विजय के साथ 37 रनों की साझेदारी की। रहाणे 102 के कुल योग पर एल्गर की गेंद पर अमला के हाथों लपके गए।
रहाणे की विदाई के तुरंत बाद साहा को एल्गर ने खाता नहीं खोलने दिया। यह विकेट भी 102 के कुल योग पर गिरा।
एक छोर पर विजय जमे हुए थे और दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते जा रहे थे। ऐसे में विजय को एक अदद साथी की तलाश थी। जडेजा ने विकेट पर आकर इसके संकेत दिए।
दोनों ने सम्भलकर खेलना शुरू किया और स्कोर को 140 रनों तक पहुंचाया। यह साझेदारी अच्छा रूप ले रही थी लेकिन इसी बीच विजय ने अपना संयम खोया और साइमन हार्मर की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए।
विजय ने 136 गेंदों का सामना कर 12 चौके लगाए। उनका स्थान लेने आए मिश्रा ने टिकने की कोशिश की लेकिन एल्गर ने उन्हें 154 के कुल योग पर चलता किया।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से एल्गर ने चार विकेट लिए हैं जबकि फिलेंडर, राबाडा और हार्मर को एक-एक सफलता मिली है।