1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आमिर की वापसी से खुश होकर गेंदबाजी कोच वकार ने कही ये बड़ी बात

आमिर की वापसी से खुश होकर गेंदबाजी कोच वकार ने कही ये बड़ी बात

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 21, 2020 08:22 pm IST,  Updated : Jul 21, 2020 08:22 pm IST

पाकिस्तान के गेंदबाजी कोच वकार युनुस ने मंगलवार को कहा कि मोहम्मद आमिर के पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले ने उन्हें बहुत आहत किया था।

आमिर की वापसी से खुश...- India TV Hindi
आमिर की वापसी से खुश होकर गेंदबाजी कोच वकार ने कही ये बड़ी बात Image Source : GETTY IMAGES

कराची। पाकिस्तान के गेंदबाजी कोच वकार युनुस ने मंगलवार को कहा कि मोहम्मद आमिर के पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले ने उन्हें बहुत आहत किया था लेकिन अब वह इससे उबर गये हैं और वह इस तेज गेंदबाज को राष्ट्रीय टीम की भावी योजनाओं का अहम हिस्सा मानते हैं।

आमिर अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण पहले इस दौरे से हट गये थे लेकिन अब उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अगले महीने होने वाली टी20 श्रृंखला के लिये खुद को उपलब्ध रखा है। वकार ने उनकी वापसी का स्वागत किया। 

वकार ने मीडिया के साथ ऑनलाइन बातचीत में कहा, ‘‘आमिर अब भी भविष्य की हमारी योजनाओं का हिस्सा है क्योंकि वह अनुभवी है। अगर वह अच्छा प्रदर्शन करता है, पाकिस्तान के लिये मैच जीत सकता है तो हम उसका उपयोग करना चाहेंगे। अगले साल हमें विश्व कप में भी खेलना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब उसने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था तो मैं काफी आहत हुआ था लेकिन हमें आगे के बारे में सोचना होता है और वह करना होता है जो टीम के सर्वश्रेष्ठ हित में हो।’’ 

वकार ने हारिस रऊफ की जगह आमिर को टीम में शामिल करने के फैसले को सही करार दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हमने आमिर को इसलिए बुलाया क्योंकि सीमित ओवरों की क्रिकेट के लिये वह हमारी रणनीति का हिस्सा है। हमें लगता है कि गेंदबाजों का आकलन करने का यह सबसे उपयुक्त समय है। यह केवल इस श्रृंखला से जुड़ा हुआ नहीं है बल्कि यह फैसला भविष्य को ध्यान में रखकर भी किया गया है जिसमें विश्व कप भी शामिल है। ’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल