चेन्नई: भारत के 1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव को लगता है कि सीमित ओवरों के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पास काफी अनुभव है और उन्हें तब तक टीम की अगुवाई करना जारी रखना चाहिए जब तक वह इस काम के लिए अच्छे हैं। विराट कोहली बतौर टेस्ट कप्तान बेहतरीन काम कर रहे हैं, और समय-समय पर ऐसी बातें भी चलती रहती हैं कि उन्हें सीमित ओवरों की भी कप्तानी सौंप देनी चाहिए।
खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
कपिल ने कहा, ‘मुझे लगता है कि लोगों को इसका जवाब ढूंढना चाहिए कि क्या हम धोनी को यह पूछने के लिये तैयार हैं। यह ज्यादा अहम है। मुझे लगता है कि अगर वह अच्छा कर रहे हैं तो उन्हें जारी रखना चाहिए। जब समय आएगा तो धोनी शायद सभी तीनों फॉर्मैट्स से बाहर हो जाएंगे।’ उन्होंने कहा, ‘लेकिन मुझे लगता है कि इस समय यह ज्यादा महत्वपूर्ण है कि धोनी अच्छा काम कर रहे हैं। मुझे लगता है कि उनके पास अपार अनुभव है और उन्हें जारी रहना चाहिए।’
धोनी और कोहली की बतौर कप्तान तुलना के बारे में पूछने पर कपिल ने कहा, ‘इसका जवाब देना जल्दबाजी होगी और एक बात और कि दो व्यक्ति अलग होते हैं। कोहली खुद को व्यक्त करते हैं जबकि धोनी शांत रहते हैं। मुझे लगता है कि तुलना करना बहुत मुश्किल है क्योंकि दोनों की अलग टीमें हैं और दोनों का रवैया अलग है।’ उन्होंने कहा, ‘चीजें बदल गई हैं। कल आप मुझसे इन दोनों की तुलना बतौर कप्तान सौरव गांगुली से करने को कहेंगे। इसलिए प्रत्येक कप्तान अपनी चीजें, आक्रामकता और प्रेरणा लेकर आता है लेकिन यह निर्भर करता है कि आप इन चीजों का इस्तेमाल सर्वश्रेष्ठ परिणाम हासिल करने के लिये कैसे करते हैं।’