कोलकाता: विराट कोहली ऐंड कंपनी ने जिस दिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पुणे में टेस्ट सीरीज की कड़ी चुनौती की शुरूआत की, उसी दिन कोलकाता महेंद्र सिंह धोनी ने एक अलग तरह की चुनौती अपने हाथ में ली। अपने साथियों के साथ बुधवार को रांची से रेल से यात्रा करने का फैसला करके सबको हैरान करने वाले धोनी झारखंड टीम की जर्सी पहनकर ईडन गार्डन्स में उतरे और अपने खास तरीके से उन्होंने राज्य की टीम को प्रेरित किया।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
धोनी अब भारत और IPL टीम राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के कप्तान नहीं है और केवल उनकी राज्य की टीम ने उन्हें विजय हजारे वनडे टूर्नामेंट में टीम की अगुवाई करने की जिम्मेदारी सौंपी है। वह अपनी टीम के साथ दोपहर बाद तेज धूप में मैदान पर पहुंचे और उन्होंने पहले खिलाड़ियों से बात की और फिर फुटबॉल खेली। इसके बाद उन्होंने अपने साथी बल्लेबाजों के लिए लगभग आधे घंटे तक ऑफ स्पिन गेंदबाजी की, लेकिन मैदान पर उनकी भूमिका नहीं बदलेगी।
मैनेजर पीएन सिंह ने कहा कि धोनी विकेटकीपर ही रहेंगे और विकेट के पीछे से ही टीम की अगुवाई करेंगे। उन्होंने कहा, ‘यह अभ्यास का उनका तरीका है। वह गेंदबाजी करना चाहते थे इसलिए उन्होंने की। वह विकेटकीपर रहेंगे भले ही हमारे पास ईशान किशन के रूप में दूसरा विकेटकीपर भी है।’ शाम को धोनी ने तेज और स्पिन गेंदबाजों के सामने नेट पर जमकर बल्लेबाजी भी की। उनकी अगुवाई वाली झारखंड की टीम अपना पहला मैच ईडन गार्डन्स में 25 फरवरी को खेलेगी।