1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मुंबई टेस्ट: भारत ने पहली पारी में बनाए 631 रन, इंग्लैंड बैकफुट पर

मुंबई टेस्ट: भारत ने पहली पारी में बनाए 631 रन, इंग्लैंड बैकफुट पर

 Written By: IANS
 Published : Dec 11, 2016 03:00 pm IST,  Updated : Dec 11, 2016 03:00 pm IST

भारतीय क्रिकेट टीम ने वानखेड़े स्टेडियम पर जारी चौथे टेस्ट मैच के चौथे दिन रविवार को चायकाल तक दूसरी पारी में इंग्लैंड के 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर उसे बैकफुट पर धकेल दिया है।

India England | AP Photo- India TV Hindi
India England | AP Photo

मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम ने वानखेड़े स्टेडियम पर जारी चौथे टेस्ट मैच के चौथे दिन रविवार को चायकाल तक दूसरी पारी में इंग्लैंड के 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर उसे बैकफुट पर धकेल दिया है। इंग्लैंड अपनी दूसरी पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 49 रन ही बना पाई है। इस कारण, वह भारत की ओर से पहली पारी में बनाए गए 631 रनों के आधार पर 182 रन पीछे है।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

जो रूट 30 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। भारत ने इंग्लैंड को पहला झटका पहले ओवर की दूसरी गेंद पर कीटन केंट जेनिंग्स को भेजकर दिया। जेनिंग्स अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे, जब उन्हें भुवनेश्वर कुमार ने LBW आउट किया। इसके बाद कप्तान एलिस्टर कुक (18) का साथ रूट ने दूसरे विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी की लेकिन रवींद्र जडेजा ने इस साझेदारी को तोड़कर इंग्लैंड को एक और झटका दिया। कुक का विकेट 43 के कुल योग पर गिरा।

​पढ़ें: कैप्टन कोहली ने जड़ी साल की तीसरी डबल सेंचुरी, ब्रैडमैन भी पीछे

कुक के आउट होने के बाद रूट का साथ देने मोइन अली को जडेजा ने क्रीज पर टिकने का मौका ही नहीं दिया और मुरली विजय के हाथों कैच आउट करा पवेलियन भेज दिया। मोइन खाता भी नहीं खोल सके। भारत के लिए जड़ेजा ने 2 जबकि भुवनेश्वर ने एक विकेट लिया। जडेजा ने टेस्ट मैचों में 101 विकेट पूरे कर लिए हैं। उन्होंने 24वें टेस्ट मैच में खेलते हुए यह मुकाम हासिल किया।

​

Virat Kohli | AP Photo
Virat Kohli | AP Photo

विराट कोहली। (AP फोटो)

भारत ने तीसरे दिन शनिवार को सात विकेट के नुकसान पर 451 रन बनाए थे। कोहली एक दिन पहले 147 और जयंत 30 रनों पर नाबाद लौटे थे। इसके बाद भारत ने पहले सेशन में बिना कोई विकेट गंवाए कोहली और जयंत की बेहतरीन साझेदारी के दम पर 597 रन बनाए थे। दूसरे सेशन में जयंत ने अपना शतक पूरा किया, लेकिन 605 रनों के कुल योग पर आदिल राशिद ने उन्हें आउट कर पवेलियन भेजा। कोहली और जयंत के बीच आठवें विकेट के लिए 241 रनों की साझेदारी हुई। जयंत ने 204 गेंदों में 15 चौके लगाए।

​पढ़ें: नौवें नंबर पर बैटिंग करते हुए जयंत ने लगाई सेंचुरी, रचा इतिहास

भारत का नौंवा विकेट 615 के कुल योग पर गिरा। उन्होंने अपनी पारी में 340 गेंदों का सामना कर 25 चौके और एक छक्का लगाया। इसके साथ ही कोहली ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वह एक साल में 3 दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय और विश्व के पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने 9 और उमेश यादव ने नाबाद 7 रन बनाए। भुवनेश्वर के आउट होने के साथ ही भारतीय टीम की पारी 631 रनों पर सिमट गई।

Ravindra Jadeja | AP Photo
Ravindra Jadeja | AP Photo

रविंद्र जडेजा। (AP फोटो)

कोहली टेस्ट में सर्वोच्च स्कोर करने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम था। धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 फरवरी, 2013 में 224 रन बनाए थे। इंग्लैंड के लिए आदिल राशिद ने सबसे अधिक 4 विकेट लिए जबकि मोइन अली तथा जो रूट को 2-2 सफलता हासिल हुई, वहीं क्रिस वोक्स और जैक बॉल एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।