1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आखिरी वनडे को जीतकर न्यूजीलैंड ने किया पाकिस्तान का सूपड़ा साफ

आखिरी वनडे को जीतकर न्यूजीलैंड ने किया पाकिस्तान का सूपड़ा साफ

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jan 19, 2018 03:43 pm IST,  Updated : Jan 19, 2018 03:43 pm IST

न्यूजीलैंड की तरफ से ओपनर मार्टिन गप्टिल ने शानदार शतक लगाया।

न्यूजीलैंड टीम- India TV Hindi
न्यूजीलैंड टीम

सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल के शानदार शतक के बाद तेज गेंदबाज मैट हेनरी की धारदार गेंदबाजी की दम पर न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को पांचवें वनडे मैच में 15 रन से हराकर सीरीज 5-0 से अपने नाम की। गप्टिल की 100 रन की पारी से न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 271 रन बनाए। जिसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम को 49 ओवर में 256 रनों पर सिमट गई। 

हेनरी ने 53 रन देकर चार विकेट लिये तो वही माइकल सैंटनर ने 40 रन देकर 3 विकेट चटकाये। ये तीसरी बार है जब पाकिस्तान ने वनडे सीरीज को 5-0 से गंवाया है जबकि न्यूजीलैंड ने दूसरी बार सीरीज 5-0 से जीती है। इससे पहले उन्होंने 2000 में वेस्टइंडीज का सूपड़ा साफ किया था। छोटे मैदान में आसान माने जा रहे 272 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद ही खराब रही। 57 रन तक आधी टीम के पवेलियन लौट जाने के बाद हैरिस सोहेल और शादाब खान (53) ने 105 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। 

सोहेल (63) सैंटनर की गेंद पर हेनरी के हाथों कैच आउट हुए। उसके बाद शादाब भी चलते बने। पुछल्ले बल्लेबाजों में फहीम अशरफ (23), आमेर यामिन (32) और मोहम्मद नवाज (23) ने संघर्ष कर 48 ओवर में टीम के स्कोर को नौ विकेट पर 249 रन तक पहुंचाया लेकिन 49वें ओवर की आखिरी गेंद पर हेनरी ने रूम्मान रईस का विकेट लेकर पाकिस्तान की उम्मीदों को तोड़ दिया। 

इससे पहले गप्टिल और कॉलिन मुनरो ने न्यूजीलैंड को शानदार शुरूआत दी लेकिन इसके बाद रूम्मान रईस ने कीवी रनगति पर अंकुश लगाया। रुम्मन ने 67 रन देकर तीन विकेट लिए। मुनरो ने 24 गेंद में 34 रन बनाए जो मोहम्मद हफीज को कैच देकर आउट हुए। गप्टिल को 72 के स्कोर पर जीवनदान मिला जब फहीम अशरफ ने स्टम्पिंग का आसान मौका गंवाया। 

गप्टिल ने अपना 13वां वनडे शतक 125 गेंद में 10 चौकों और एक छक्के की मदद से पूरा किया। पाकिस्तान ने 12 रन के भीतर चार विकेट चटकाए। गप्टिल शतक जमाने के बाद विकेट गंवा बैठे जबकि फहीम ने रोस टेलर को क्लीन बोल्ड किया। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल