1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. नेपियर वनडे : गुप्टिल की धमाकेदार शतकीय पारी की मदद से न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 8 विकेट से रौंदा

नेपियर वनडे : गुप्टिल की धमाकेदार शतकीय पारी की मदद से न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 8 विकेट से रौंदा

 Reported By: IANS
 Published : Feb 13, 2019 03:17 pm IST,  Updated : Feb 13, 2019 03:17 pm IST

सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल के नाबाद 117 रनों की दमदार पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने बुधवार को यहां तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ आठ विकेट से जीत दर्ज की।

Martin Guptill- India TV Hindi
Martin Guptill Image Source : TWITTER: @BLACKCAPS

नेपियर। सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल के नाबाद 117 रनों की दमदार पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने बुधवार को यहां तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ आठ विकेट से जीत दर्ज की। बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 233 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे उसने 44.3 ओवर में दो विकेट खोकर ही हासिल कर लिया। गुप्टिल को उनकी बेहतरीन पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने पांच के कुल योग पर ही तमिम इकबाल (5) का विकेट खो दिया। उन्हें ट्रेंट बाउल्ट ने आउट किया। तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने लिटन दास (1) को पेवलियन वापस भेजकर मेहमान टीम का स्कोर दो विकेट पर 19 कर दिया। 

इसके बाद, बांग्लादेश की पारी लड़खड़ा गई और उसने 100 रनों के भीतर ही छह विकेट गंवा दिए। मेहदी हसन मिराज (26) के रूप में बांग्लादेश ने 131 रनों के कुल योग पर अपना सातवां विकेट खोया। उन्हें स्पिन गेंदबाज मिशेल सेंटनर ने आउट करके मेहमान टीम की मुश्किलें बढ़ा दी। 

मोहम्मद मिथुन ने मोहम्मद सैफुद्दीन के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 84 रन जोड़े। सैफुद्दीन (41) के रूप में बांग्लादेश ने अपना आठवां विकेट गंवाया। उन्हें सेंटनर ने ही पवेलियन वापस भेजा। 

मिथुन भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए। उन्हें 62 के निजी स्कोर पर लॉकी फग्र्यूसन ने आउट किया। कप्तान मशरफे मुर्तजा नौ रन बनाकर नाबाद रहे। 

जवाब में न्यूजीलैंड की शुरुआत दमदार रही। पहले विकेट के लिए गुप्टिल ने हेनरी निकोल्स के साथ मिलकर 103 रन जोड़े। निकोल्स को 53 के निजी स्कोर पर पेवलियन वापस भेजकर मिराज ने मेजबान टीम को पहला झटका दिया। 

कप्तान केन विलियम्सन (11) अधिक समय तक क्रीज पर टिक नहीं पाए। उन्हें महमुदुल्लाह ने आउट किया। इसके बाद, गुप्टिल ने अनुभवी रॉस टेलर (नाबाद 45) के साथ मिलकर टीम को जीत दिला दी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल