1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. World T-20: ओमान की आयरलैंड पर रोमांचक जीत

World T-20: ओमान की आयरलैंड पर रोमांचक जीत

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 09, 2016 11:28 pm IST,  Updated : Mar 09, 2016 11:28 pm IST

धर्मशाला: सैयद आमिर अली की अपने पदार्पण मैच में विषम परिस्थितियों में खेली गई तेजतर्रार पारी से ओमान ने आज यहां आयरलैंड को विश्व टी20 चैंपियनशिप के पहले दौर के ग्रुप ए के एक रोमांचक

oman- India TV Hindi
oman

धर्मशाला: सैयद आमिर अली की अपने पदार्पण मैच में विषम परिस्थितियों में खेली गई तेजतर्रार पारी से ओमान ने आज यहां आयरलैंड को विश्व टी20 चैंपियनशिप के पहले दौर के ग्रुप ए के एक रोमांचक मैच में दो विकेट से हराया। आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों विशेषकर अनुभवी गैरी विल्सन (38), कप्तान विलियम पोर्टरफील्ड (29) और पाल स्टर्लिंग (29) की पारियों की मदद से सात विकेट पर 154 रन बनाए।

कंवर अली (26 गेंद पर 34 रन) और जीशान मकसूद ने पहले विकेट के लिये 69 रन जोड़े। बीच में उसने 21 रन के अंदर पांच विकेट गंवाये। ऐसे में 37 वर्षीय आमिर अली (17 गेंद पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 32 रन) और जतिंदर सिंह (24) ने 4.1 ओवर में 47 रन की साझेदारी की। ओमान ने आयरलैंड की आखिरी क्षणों की अनुशासनहीन गेंदबाजी और लचर क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाकर 19.4 ओवर में आठ विकेट पर 157 रन बनाकर यादगार जीत दर्ज की।

कंवर अली और जीशान ने शुरू से ही आयरलैंड के गेंदबाजों को बैकफुट पर रखा। इन दोनों ने ढीली गेंदों पर लंबे शाट खेलने से परहेज नहीं की। कंवर ने मैकब्रायन और केविन ओ ब्रायन पर दो खूबसूरत छक्के भी लगाये। केविन पर छक्का जड़ने के बाद वह अगली गेंद चूक गये और बोल्ड होकर पवेलियन लौटे। उनकी पारी में दो छक्कों के अलावा चार चौके भी शामिल हैं। उन्होंने अपने अगले ओवर में जीशान को भी बोल्ड करके आयरलैंड को वापसी दिलायी। जीशान ने छह चौके लगाये।

इसके बाद विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया। ओमान ने बीच में चार रन के अंदर तीन विकेट गंवाये जिससे उसका स्कोर पांच विकेट पर 90 रन हो गया। आमिर ने मैक्स सोरेनसन पर छक्का जड़ा और फिर टिम मुर्टाग पर लगातार तीन चौके लगाये। ओमान को आखिरी ओवर में 14 रन की दरकार थी। सोरेनसन की पहली गेंद नोबाल थी जिस पर चार रन और बने। जब तीन गेंद पर तीन रन चाहिए थे तभी आमिर विकेट के पीछे कैच देकर आउट हो गये। सोरेनसन ने हालांकि फिर से फुलटास की जो नोबाल निकली और गेंद चार रन के लिये भी गयी जिससे ओमान जीत दर्ज करने में सफल रहा।

इससे पहले पोर्टरफील्ड और स्टर्लिंग ने आयरलैंड को अच्छी शुरूआत दिलायी और पहले विकेट के लिये 6.4 ओवर में 48 रन जोड़े। स्टर्लिंग ने शुरू में गेंदबाजों पर हावी होने की रणनीति अपनायी। उन्होंने अपनी 22 गेंद की पारी में छह चौके लगाये। पोर्टरफील्ड को शुरू में रन बनाने के लिये जूझना पड़ा। पोर्टरफील्ड ने ओमान के सबसे सफल गेंदबाज और लेसिथ मालिंगा जैसे एक्शन से गेंदबाजी करने वाले मुनीस अंसारी (37 रन देकर तीन विकेट) के पहले ओवर में लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़कर अपने हाथ खोले। उनकी 28 गेंद की पारी में तीन चौके और एक छक्का शामिल है।

बाद में विल्सन ने पारी संवारने की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने अंसारी की गेंद पर बोल्ड होने से पहले 34 गेंदें खेली और पांच चौके लगाये। आयरलैंड के बाकी बल्लेबाज निएल ओ ब्रायन (16 ), केविन ओ ब्रायन (14), एंड्रयू पोएंटर (नाबाद 11) और एंडी मैकब्रायन (नाबाद 10) भी दोहरे अंक में पहुंचे। ओमान के लिये अंसारी के अलावा कंवर अली और आमिर कलीम ने एक-एक विकेट लिया।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल