1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. डेविड वार्नर की एक अच्छी पारी हमें एशेज जीता सकती है : कोच लैंगर

डेविड वार्नर की एक अच्छी पारी हमें एशेज जीता सकती है : कोच लैंगर

 Reported By: IANS
 Published : Sep 11, 2019 04:40 pm IST,  Updated : Sep 11, 2019 04:40 pm IST

वार्नर इस समय बेहद खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। उन्होंने मौजूदा एशेज सीरीज में अभी तक 79 रन बनाए हैं।  

डेविड वार्नर की एक अच्छी पारी हमें एशेज जीता सकती है : कोच लैंगर- India TV Hindi
डेविड वार्नर की एक अच्छी पारी हमें एशेज जीता सकती है : कोच लैंगर Image Source : GETTY IMAGES

लंदन। ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने खराब फॉर्म से जूझ रहे टीम के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर का समर्थन किया है और कहा है कि पाचवें तथा आखिरी टेस्ट में उनकी एक अच्छी पारी टीम को जीत दिला सकती है। एशेज सीरीज का पांचवां टेस्ट गुरुवार को द ओवल मैदान पर शुरू होगा।

वार्नर इस समय बेहद खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। उन्होंने मौजूदा एशेज सीरीज में अभी तक 79 रन बनाए हैं।

क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू ने लैंगर के हवाले से लिखा है, "वार्नर की अभी तक की सीरीज अच्छी नहीं रही है। इसमें कोई राज की बात नहीं है।"

उन्होंने कहा, "लेकिन वह विश्व स्तर के खिलाड़ी हैं और मैंने यह बात पूरी सीरीज के दौरान कही है, अगर वार्नर एक अच्छी पारी खेलते हैं तो हमें एशेज सीरीज जीतने में मदद मिलेगी। वह इससे पहले, इस तरह के खराब फॉर्म में नहीं रहे इसलिए यह उनकी परीक्षा भी है।"

उन्होंने कहा, "लेकिन वह मैच विजेता खिलाड़ी हैं और प्रतिबंध से लौटने के बाद वह टीम मे अच्छी तरह घुल मिल गए हैं।"

लैंगर ने वार्नर को मैच विजेता खिलाड़ी बताया है। कोच ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वार्नर द ओवल मैदान पर रन करेंगे।

उन्होंने कहा, "उन्हें वो रन नहीं मिले हैं जो वह चाहते हैं, लेकिन मैं उस पल का इंतजार कर रहा हूं जब वह शतक लगाएंगे और इसके लिए द ओवल से अच्छी कोई जगह नहीं है।"

आस्ट्रेलिया इस समय पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त लिए हुए है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल