मुंबई: भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा ने शनिवार को कहा कि उनकी टीम का लक्ष्य दुनिया में पहले नंबर पर आना है। उन्होंने कहा कि नंबर वन बनने के लिए एक सही प्रॉसेस अपनाना होगा। सिर्फ इसी तरह सही प्रक्रिया अपनाने से ही नंबर वन बनने का सपना साकार हो पाएगा।
वनडे क्रिकेट की एक पारी में सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड बनाने वाले रोहित शर्मा ने कहा, ’भारतीय क्रिकेट टीम के लिए यह एक लंबा सीजन होगा लेकिन एक टीम के रूप में हम सही दिशा में जा रहे हैं। हम हाल ही में वेस्टइंडीज का सफल दौरा करके लौटे हैं और इस लय को कायम रखना चाहेंगे। हमारा लक्ष्य दुनिया की नंबर वन टीम बनना है। हम कुछ ही दिन पहले नंबर वन थे, लेकिन वेस्टइंडीज दौरे का आखिरी टेस्ट नहीं होने की वजह से हम दूसरे नंबर पर खिसक गए।’
रोहित ने कहा, ‘हमें हर सीरीज के हिसाब से रणनीति बनानी होगी। न्यू जीलैंड टीम यहां आने वाली है और हमें उस पर फोकस करना है। मुझे यकीन है कि प्रक्रिया सही होने पर नतीजे मिलेंगे।’ वहीं टीम इंडिया के स्टाइलिश बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने कहा कि हमारे लिए यह अहम है कि एक समय पर एक ही सीरीज के बारे में सोचें और फिलहाल हमारा फोकस न्यू जीलैंड पर है।’ मुंबई खेल पत्रकार संघ के स्वर्ण जयंती पुरस्कार समारोह में खिलाड़ियो ने ये बातें कहीं।
इस मौके पर भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान भी मौजूद थे। जहीर ने कहा, ‘यह रोमांचक है कि इस साल इतने सारे टेस्ट खेले जाने हैं। इस तरह का सत्र किसी क्रिकेटर की जिंदगी और कररियर का ग्राफ अच्छे या बुरे तरीके से बदल सकता है। मुझे उम्मीद है कि सभी की तैयारी पुख्ता होगी।’