रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलोर के हाथो बुधवार को हार के साथ ही कोलकाता नाइट राइडर्स का इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 9वें सीजन का सफर खत्म हो गया। हार के कारण गिनाते हुए कोलकता के कप्तान गौतम गंभीर ने कहा कि उनके बल्लेबाज़ हैदराबाद के युवराज सिंह की तरह बल्लेबाज़ी नहीं कर सके वर्ना 163 का लक्ष्य हासिल करना मुश्किल नहीं था।
पहले एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद से 22 रन से हारकर केकेआर का तीसरी बार खिताब जीतने का सपना भी टूट गया। गंभीर ने कहा कि कॉलिन मुनरो के रनआउट होना मैच का टर्निंग प्वॉइंट था।
गंभीर ने मैच खत्म होने के बाद कहा, 'मुझे लगता है कि पिच बल्लेबाजों के लिए बहुत अच्छी थी और 163 का लक्ष्य हासिल किया जा सकता था, लेकिन मुनरो का रनआउट होना मैच का टर्निंग प्वॉइंट साबित हुआ। हमारे बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर पाए और कोई भी बल्लेबाज युवराज सिंह की तरह नहीं खेल पाया। उनकी अविश्वसनीय पारी ने मैच का रुख बदल दिया। हमारे बल्लेबाजों को शुरुआत तो मिली, लेकिन कोई भी उसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाया।'
दो बार के पूर्व चैंपियन केकेआर के कप्तान ने कहा, 'गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन बल्लेबाज अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा पाए। हैदराबाद को 162 रन पर रोकना अच्छा प्रदर्शन था, लेकिन बल्लेबाजों की असफलता के कारण हमें मैच हारना पड़ा। हमने रसेल की कमी को पूरा करने की कोशिश की। इस फॉरमैट में लगातार अच्छा खेलना होता है, लेकिन हम पिछले पांच मैचों में से महज दो जीत पाए। मुझे खुशी है कि हमें हमेशा ही केकेआर के फैंस से समर्थन मिलता रहा है। इसके लिए हम उनके शुक्रगुजार हैं।'