1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एंटीगा की तुलना में हमारी गेंदबाजी में सुधार हुआ: सिमन्स

एंटीगा की तुलना में हमारी गेंदबाजी में सुधार हुआ: सिमन्स

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 01, 2016 12:01 pm IST,  Updated : Aug 01, 2016 12:01 pm IST

किंगस्टन: वेस्टइंडीज के कोच फिल सिमन्स ने भारत के खिलाफ दूसरे दिन अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि वे अब भारतीय पारी जल्द समेटना चाहेंगे लेकिन साथ ही माना कि

Cheteshwar Pujara- India TV Hindi
Cheteshwar Pujara

किंगस्टन: वेस्टइंडीज के कोच फिल सिमन्स ने भारत के खिलाफ दूसरे दिन अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि वे अब भारतीय पारी जल्द समेटना चाहेंगे लेकिन साथ ही माना कि टीम को वापसी दिलाने की मुख्य जिम्मेदारी बल्लेबाजों की होगी। भारत दूसरे दिन 88 ओवरों में केवल 232 रन ही बना पाया और उसने दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 358 रन बनाये हैं। सिमन्स ने कहा कि उन्होंने अपनी टीम की गेंदबाजी में काफी सुधार देखा है।

सिमन्स ने कहा, मेरा मानना है कि यह काफी बेहतर थी। अमूमन टेस्ट मैचों में 90 ओवरों में 270 रन तक बन जाते हैं लेकिन के एल राहुल की शानदार पारी और बाद में उनके कप्तान के तेजी से रन बनाने के बावजूद हमने उन्हें अधिक रन नहीं बनाने दिये। उन्हें 90 ओवरों में 230 रन ही बनाने देना एंटीगा की तुलना में हमारी गेंदबाजी में सुधार दिखाता है। उन्होंने कहा, हमें अब बाकी बचे विकेटों को जल्दी निकालने के लिये कड़ी मेहनत करनी होगी और इसके बाद बल्लेबाजों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी क्योंकि गेंदबाजों ने आज अच्छा प्रदर्शन किया है। भारतीय सलामी बल्लेबाज के एल राहुल ने आज 158 रन बनाये और उन्होंने भी गेंदबाजों की तारीफ की। यह पहले टेस्ट मैच की तुलना में एकदम भिन्न था जहां आसानी से रन बन रहे थे।

सिमन्स ने कहा, हमने प्रत्येक बल्लेबाज के लिये रणनीति बनायी थी। उनका विकेट लेना और उन्हें रन बनाने से रोकना। हमने इस बार कोहली को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया जो हमारे लिये अच्छा है। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि गेंदबाजों को आज टेस्ट क्रिकेट में धैर्य बनाये रखने की सीख मिली जिस पर हम पिछले छह महीनों से बात कर रहे हैं। फिर जब विकेट इस तरह का हो जिससे मदद नहीं मिल रही हो तब आपका धैर्य बनाये रखना जरूरी हो जाता है। सिमन्स ने कहा, इसके बाद आप जब धैर्य बनाये रखकर जो दबाव बनाते हो उससे आपको विकेट मिलते हैं। वे अब धैर्य बनाये रखना सीख रहे हैं और वे विश्वस्तरीय बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

कोच ने इस बीच पहले बल्लेबाजी करने के अपनी टीम के फैसले का बचाव किया जबकि तब पिच में नमी थी और उसकी पूरी टीम पहली पारी में 196 रन पर आउट हो गयी। इसके साथ ही उन्होंने बल्लेबाजों को दूसरी पारी में स्पिनरों के सामने सतर्क रहने के लिये भी आगाह किया। उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता कि कल विकेट से बल्लेबाजों को किसी तरह की परेशानी थी। इसलिए मैं आगे भी ऐसी स्थिति मे पहले बल्लेबाजी का ही फैसला करूंगा। सिमन्स ने कहा, अश्विन दुनिया का नंबर एक गेंदबाज है। उसे किसी भी विकेट पर खेलना मुश्किल होगा। उस विकेट को तो छोड़ ही दो जो टर्न ले रहा हो और जिसमें उछाल हो। उनका सामना करना मुश्किल होगा लेकिन यही टेस्ट क्रिकेट है।

चार टेस्ट मैचों की सिरीज़ में भारत 1-0 से आगे है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल