अबुधाबी: यासिर शाह की शानदार गेंदबाजी और अपने बेहतरीन हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने शेख जायेद स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के अंतिम एवं पांचवें दिन मंगलवार को वेस्टइंडीज को 133 रनों से हरा दिया। इसी के साथ पाकिस्तान ने 3 टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है।
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पाकिस्तान ने चौथी पारी में वेस्टइंडीज को जीत के लिए 456 रनों का विशाल दिया था, लेकिन वेस्टइंडीज टीम 322 रनों पर ही ढेर हो गई और मैच गंवा बैठी। पाकिस्तान के लिए दूसरी पारी में यासिर शाह ने 6 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने पहली पारी में भी 4 विकेट लिए थे। उन्होंने इस मैच में 10 विकेट अपने खाते में डाले हैं और यह दूसरा मौका है जब यासिर ने एक टेस्ट मैच में 10 विकेट लिए हैं। उन्होंने इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ लॉडर्स में पहली बार यह कारनामा किया था। यासिर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
अपने चौथे दिन (सोमवार) के स्कोर 171 रनों पर 4 विकेट से आगे खेलने उतरी वेस्टइंडीज को दिन का पहला झटका रोस्टन चेस (20) के रूप में लगा। उन्हें यासिर ने अपना शिकार बनाया। लेकिन इसके बाद कल के नाबाद बल्लेबाज जर्मेन ब्लैकवुड (95) और शाई होप (41) ने मैच बचाने का संघर्ष जारी रखा। दोनों ने छठे विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी की। ब्लैकवुड जब अपने दूसरे शतक की ओर बढ़ रहे थे तभी यासिर ने उन्हें बोल्ड कर वेस्टइंडीज को बड़ा झटका दिया। उन्होंने अपनी पारी में 127 गेंदों में 11 चौके लगाए।
ब्लैकवुड के जाने के बाद पाकिस्तान ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर टेस्ट मैच अपने नाम किया। वेस्टइंडीज का आखिरी विकेट देवेन्द्र बिशू (26) के रूप में गिरा। उन्हें जुल्फीकार बाबर ने अपना शिकार बनाया। इससे पहले पाकिस्तान ने युनूस खान (127) और कप्तान मिस्बाह उल हक (96) की बेहतरीन पारियों की बदौलत अपना पहली पारी में 452 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। वहीं वेस्टइंडीज अपनी पहली पारी में 224 रनों पर ही ढेर हो गई थी जिसके बाद पाकिस्तान ने पहली पारी के आधार पर 228 रनों की बढ़त ले ली थी। इसके बाद पाकिस्तान ने अपनी दूसरी पारी 227 रनों पर दो विकेट पर घोषित कर वेस्टइंडीज को 456 रनों का लक्ष्य दिया था।