1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ब्रिस्बेन टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया के बड़े लक्ष्य के सामने शुरू में लड़खड़ाया पाकिस्तान

ब्रिस्बेन टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया के बड़े लक्ष्य के सामने शुरू में लड़खड़ाया पाकिस्तान

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 17, 2016 05:27 pm IST,  Updated : Dec 17, 2016 05:27 pm IST

ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के सामने 490 रन का रिकॉर्ड लक्ष्य रखने के बाद शनिवार को ब्रिस्बेन में उसके दो विकेट शुरू में ही निकालकर पहले डे-नाइट टेस्ट क्रिकेट मैच में जीत की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए।

Brisbane Test | AP Photo- India TV Hindi
Brisbane Test | AP Photo

ब्रिस्बेन: ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के सामने 490 रन का रिकॉर्ड लक्ष्य रखने के बाद शनिवार को ब्रिस्बेन में उसके दो विकेट शुरू में ही निकालकर पहले डे-नाइट टेस्ट क्रिकेट मैच में जीत की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को पहली पारी में 142 रन पर आउट करने के बाद अपनी दूसरी पारी 5 विकेट पर 202 रन बनाकर समाप्त घोषित की। पाकिस्तान की बड़े लक्ष्य के सामने शुरूआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट पर 70 रन बनाए हैं। 

खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पाकिस्तान को जीत के लिए अब भी 420 रन की दरकार है। अभी 2 दिन का खेल होना बाकी है और ऐसे में पाकिस्तान के सामने पहाड़ जैसे लक्ष्य तक पहुंचने की कठिन चुनौती है। अजहर अली (नॉटआउट 41) और समी असलम (15) ने पहले 11 ओवर तक टीम को कोई झटका नहीं लगने दिया। मिशेल स्टार्क ने आगे पिच कराई गई गेंद पर असलम को मैट रेनशॉ के हाथों स्लिप में कैच कराया जबकि नए बल्लेबाज बाबर आजम (14) को स्पिनर नाथन लियोन ने पवेलियन की राह दिखाई। स्टंप उखड़ने के समय दूसरे छोर पर अनुभवी बल्लेबाज यूनिस खान खड़े थे। उन्होंने 19 गेंदों का सामना किया है लेकिन अभी खाता नहीं खोला है।

इससे पहले सुबह पाकिस्तान ने 8 विकेट 97 रन से आगे खेलना शुरू किया। उसके अंतिम 2 विकेटों ने लगभग एक घंटे तक बल्लेबाजी की लेकिन इसके बावजूद टीम पहली पारी में 142 रन ही बना सकी और ऑस्ट्रेलिया से 287 रन से पीछे रही। इसके बावजूद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ ने विरोधी टीम को फॉलोऑन नहीं दिया और खुद बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की ओर से उस्मान ख्वाजा (74) और स्मिथ (63) ने अर्धशतक जड़े। स्मिथ ने 70 गेंद की अपनी पारी में 11 चौके जड़े और इस दौरान अपना 19वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने लेग स्पिनर यासिर शाह की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग आन पर राहत अली को कैच थमाया। 

पहली पारी में सस्ते में पवेलियन लौटे ख्वाजा ने 109 गेंद में 8 चौकों की मदद से 74 रन बनाए। डिनर ब्रेक से पहले राहत की गेंद पर मिसबाह-उल-हक ने उनका शानदार कैच लपका। निक मेडिनसन एक बार फिर नाकाम रहे और 3 गेंद में सिर्फ 4 रन बनाकर वहाब रियाज का शिकार बने। ऑस्ट्रेलिया की शुरूआत खराब रही और टीम ने चाय से पहले ही दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवाए। वार्नर ने आक्रामक रूख अपनाने की कोशिश की लेकिन मोहम्मद आमिर की गेंद को पुल करने की कोशिश में मिडऑन पर वहाब को कैच दे बैठे। उन्होंने 12 रन बनाए। रेनशा भी 6 रन बनाने के बाद राहत अली की गेंद पर कैच हो गए।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।