ब्रिसबेन: आस्ट्रेलिया के पहली पारी के 429 रन के जवाब में पहले दिन-रात्रि क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन पाकिस्तान की शुरूआत खराब रही। पाकिस्तान ने पारी के पांचवें ओवर में ही अजहर अली (05) का विकेट गंवा दिया जिनका कैच मिशेल स्टार्क की गेंद पर तीसरी स्लिप में गोता लगाते हुए उस्मान ख्वाजा ने लपका। टीम ने डिनर तक एक विकेट पर 20 रन बनाए। बाबर आजम नौ जबकि समी असलम तीन रन बनाकर खेल रहे हैं।
इससे पहले पीटर हैंड्सकांब (105) ने अपने दूसरे ही टेस्ट में शतक जड़ा जबकि निचले क्रम ने भी उम्दा योगदान देकर पाकिस्तान की परेशानी बढ़ाई। एडिलेड में पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पदार्पण के दौरान अर्धशतक जड़ने वाले हैंड्सकांब ने मोहम्मद आमिर पर चौके के साथ अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया।
नाथन लियोन (29) और जैकसन बर्ड (नाबाद 19) ने अंतिम विकेट के लिए 49 रन जोड़े।
हैंड्सकांब चाय के बाद तीसरे ओवर में पवेलियन लौटे जबकि उन्होंने वहाब रियाज की गेंद को विकेटों पर खेला। इससे एक गेंद पहले मोहम्मद आमिर की गेंद पर जोस हेजलवुड :08: ने पहली स्लिप में कैच दिया।
बर्ड ने अपनी नाबाद पारी के दौरान एक छक्का जड़ा जबकि लियोन ने 24 गेंद का सामना करते हुए छह चौके मारे।
इससे पहले मेहमान टीम ने पहले सत्र में चार विकेट हासिल किए लेकिन फिर कैच टपकाए। पाकिस्तान की ओर से वहाब और आमिर ने चार-चार विकेट हासिल किए।
आस्ट्रेलिया ने दिन की शुरूआत तीन विकेट पर 288 रन से की। टीम ने पहले सत्र में कप्तान स्टीव स्मिथ :130:, निक मेडिनसन :01:, मैथ्यू वेड :07: और मिशेल स्टार्क (10) के विकेट गंवाए।
स्मिथ ने पारी के 100वें ओवर में वहाब की गेंद पर विकेटकीपर सरफराज अहमद को आसान कैच थमाया। उन्होंने हैंड्सकांब के साथ चौथे विकेट के लिए 172 रन जोड़े। स्मिथ ने अपने 16वें टेस्ट शतक के दौरान 222 गेंद का सामना करते हुए 19 चौके जड़े। उन्हें तीन जीवनदान भी मिले।
स्मिथ को कल दो जीवनदान मिले थे जबकि आज 129 रन के निजी स्कोर पर लेग स्पिनर यासिर शाह की गेंद पर लांग आफ पर आमिर ने उनका कैच टपकाया।
मेडिनसन ने जब खाता भी नहीं खोला था तब अजहर ने शार्ट लेग पर उनका कैच छोड़ा लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए और वहाब की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे।
विकेटकीपर वेड ने खराब शाट खेलकर आमिर की गेंद पर तीसरी स्लिप में कैच थमाया जबकि स्टार्क इसी तेज गेंदबाज की गेंद को पहली स्लिप के हाथों में खेल गए।